मथुरालीक्स…दर्दनाक हादसा, वृंदावन में सीवर लाइन डालने के दौरान मिट्टी की ढाइ खिसकी. दो मजदूरों की दबकर मौत…
आगरा मंडल के मथुरा जिले में बड़ा हादसा सामने आया है. वृंदावन परिक्रमा मार्ग पर सीवर लाइन डाली जा रही है. यहां मिट्टी की ढाह गिरने से दो मजदूर नीचे दब गए. जब तक दोनों को निकाला जाता, तब तक दोनों की मौत हो गई. परिजनो ंने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की है.
ये है मामला
नगर निगम मथुरा वृंदावन के अंतर्गत वार्ड नंबर 34 में श्यामकुटी के पास रजबाडा फार्म हाउस वाली गली में सीवर लाइन डालने का काम किया जा रहा है. कृष्णा मशीनरी ट्रेडर्स फिरोजाबाद के दो मजदूर मिट्टी की ढाह खिसकने से मलबे में दब गए. हादसे के बाद अन्य मजदूरों ने तुरंत रेस्क्यू कर मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला. इसके बाद दोनों मजदूरों को अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. मृतक मजदूरों के नाम विजय जादौन और एक अज्ञात है. सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे. उन्होंने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाने में मुकदमा दर्ज कराया है.