आगरालीक्स…आगरा के गुवाहाटी, कोलकाता, चेन्नई, श्रीनगर, गोवा के लिए फ्लाइट हो सकती हैं शुरू. देश के अन्य पर्यटन शहरों से जोड़ने का प्रयास…
आगरा एवं आसपास के जिलों के निवासियों/व्यापारियों की सुविधाओं के मद्देनजर आगरा को हवाई मार्ग द्वारा अन्य शहरों से जोड़ने के लिए केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो एसपी सिंह बघेल ने गुरुवार को शंख एयर के हेड ग्राउंड उपरेशन गुरदीप सिंह अरोरा के साथ बैठक की. इसमें निदेशक विमानपत्तन योगेन्द्र सिंह तोमर भी उपस्थित थे. प्रो. बघेल ने बैठक में गुवाहाटी, कोलकता, चेन्नई, श्रीनगर, जम्मू, मुंबई, सूरत और गोवा शहर के तीर्थ/पर्यटन एवं व्यापारिक महत्त्व पर विस्तृत चर्चा की जिसमें गुवाहाटी का प्रसिद्ध कामख्या देवी मंदिर एवं जम्मू का प्रसिद्ध वैष्णो देवी मंदिर, मुंबई,सूरत, कोलकता और चेन्नई का कपड़ा/साड़ी एवं रत्न व्यापार तथा गोवा/श्रीनगर के पर्यटन स्थल प्रमुख है.उन्होंने कहा कि वर्तमान में आगरा से उत्तर-पूर्व के शहरों के लिए कोई उड़ान नहीं है ऐसे में गुवाहाटी वाया कोलकता की उड़ान काफी सफल रहेगी. अतः मंत्री ने आगरा से गुवाहाटी वाया कोलकता, चेन्नई, श्रीनगर वाया जम्मू और गोवा वाया सूरत/मुंबई के लिए उड़ानें शुरू करने का सुझाव दिया. मंत्री महोदय ने आगरा-मुंबई उड़ान को सातों दिन या कम से कम तीन दिन जो भी सप्ताह में दिन खाली हो उड़ान शुरू करने पर जोर दिया और सभी उड़ानों के सफल होने का पूर्ण आश्वासन दिया.
गुरदीप सिंह अरोरा ने आगरा एअरपोर्ट एवं वेटिंग लाउन्ज एवं एअरपोर्ट ऑपरेशन से जुडी सभी सुविधाओं का भी निरीक्षण किया और निदेशक विमानपत्तन के साथ बैठक की जिसमे इंडिगो एयरलाइन की संचालित उड़ानों, यात्री भार, नए सिविल एन्क्लेव प्रोजेक्ट तथा यात्रियों और एअरपोर्ट ऑपरेशन से जुडी सभी सुविधाओं पर विस्तृत चर्चा की गई. आगरा से नई उड़ानें शुरू करने के सम्बन्ध में गुरदीप सिंह अरोरा की मंत्री के साथ बैठक काफी सफल रही और वह आगरा एअरपोर्ट की व्यवस्थाओं से भी काफी संतुष्ट थे।