आगरालीक्स…आगरा में होगा भारत रक्षा मंच का राष्ट्रीय अधिवेशन. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह होंगे मुख्य अतिथि…
आगामी 6 व 7 सितंबर 2025 को भारत रक्षा मंच का अखिल भारतीय राष्ट्रीय अधिवेशन पहली बार आगरा में आयोजित होने जा रहा है, जिसमें देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बतौर मुख्य अतिथि सम्मिलित होंगे। यह जानकारी मंच के राष्ट्रीय संयोजक सूर्यकांत केलकर ने राष्ट्रीय संगठन समिति की बैठक में दी, जो अतिथि वन, वाटर वर्क्स में संपन्न हुई। उन्होंने बताया कि यह तीन दिवसीय आवासीय अधिवेशन रहेगा, जिसमें देश की आंतरिक व बाह्य सुरक्षा, सीमावर्ती राज्यों की स्थिति और घुसपैठ जैसे गंभीर विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा। दो दिवसीय संवाद में रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री मंच के समक्ष अपने विचार भी रखेंगे।राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रशांत कोतवाल ने बताया कि अधिवेशन में देशभर से 2500 से 3000 प्रतिनिधियों की सहभागिता अपेक्षित है। इस दौरान भारत रक्षा मंच की स्मारिका का विमोचन भी किया जाएगा, जो मंच की विचारधारा, यात्रा और आगामी योजनाओं को दर्शाएगी। राष्ट्रीय मंत्री एवं उत्तर भारत संगठन प्रमुख शशांक चोपड़ा ने कहा कि वर्ष 2010 में स्थापित भारत रक्षा मंच अब तक भोपाल, दिल्ली और नागपुर में राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित कर चुका है। इस बार उत्तर प्रदेश को यह गौरव प्राप्त हुआ है, और ऐतिहासिक आगरा में पहली बार यह आयोजन होगा। अधिवेशन की व्यवस्था की जिम्मेदारी ठाकुर श्रीनिवास गुप्ता को सौंपी गई है। बैठक में देशभर से कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें दिल्ली, नासिक, नोएडा, मणिपुर, नवी मुंबई, भुवनेश्वर, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख समेत विभिन्न राज्यों से प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
उपस्थित प्रमुख पदाधिकारियों में शामिल रहे:डॉ. अशोक आचार्य (राष्ट्रीय महामंत्री), उमाकांत तिवारी (राष्ट्रीय मंत्री), वीणा गोगरी (राष्ट्रीय महिला प्रकोष्ठ प्रमुख), एडवोकेट विभाकर मिश्रा (विधि प्रकोष्ठ अध्यक्ष), सुजेन आनंद (पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र संगठन प्रमुख), रामानंद सिंह (मध्य क्षेत्र प्रमुख), डॉ. रामानंदो (पूर्वोत्तर क्षेत्र प्रमुख), उमेश (दक्षिणी क्षेत्र संगठन मंत्री), डॉ. इलेवान ठाकर (गुजरात प्रांत प्रमुख), विद्यासागर शर्मा (जम्मू-कश्मीर व लद्दाख प्रभारी) सहित आगरा से देवेंद्र कुमार, आदित्य पाराशर, कृष्ण मुरारी माहेश्वरी, श्रीभगवान, पुनीत कुमार गुप्ता, अजय, नीरज नौहवार, धर्मेंद्र चौधरी आदि उपस्थित रहे ।