आगरालीक्स…आगरा मेट्रो दयालबाग तक भी जाएगी, नये स्टेशन के लिए हुआ सर्वे. जानें किस—किस क्षेत्रों में चलेगी मेट्रो…
आगरा मेट्रो के दोनों ही कॉरिडोर पर मेट्रो निर्माण का काम बहुत तेजी से चल रहा है. पहला कॉरिडोर जहां ताज पूर्वी गेट से लेकर सिकंदरा तक है तो वहीं दूसरा कॉरिडोर आगरा कैंट से एमजी रोड होता हुआ कालिंदी विहार तक जाएगा. पहले कॉरिडोर के छह स्टेशनों के बीच यानी ताज पूर्वी गेट से बिजलीघर स्थित मनकामेश्वर स्टेशन तक मेट्रो इस समय चल रही है. इसके अगले सात स्टेशन में से चार अंडरग्राउंड स्टेशनों (एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा कॉलेज, राजा की मंडी और आरबीएस कॉलेज मेट्रो स्टेशन) के बीच सुरंग का काम पूरा हो गया है तो वहीं आगे के तीन ऐलिवेटेड स्टेशन आईएसबीटी, गुरुद्वारा गुरु का ताल और सिकंदरा बनने हैं. इसमें आईएसबीटी तक पिलर का काम लगभग पूरा हो गया है और स्टेशन बनने का काम शुरू हो गया है. सितंबर तक आईएसबीटी तक मेट्रो शुरू करने की संभावना है.दयालबाग को करेगी कनेक्ट
अच्छी खबर ये है कि भविष्य में आगरा मेट्रो दयालबाग को भी कनेक्ट करेगी. इसके लिए खंदारी पर नया स्टेशन शास्त्रीनगर को डेवलप किया जाएगा. इस स्टेशन के लिए सर्वे का काम पूरा हो गया है और शासन को रिपोर्ट भेज दी गई है. इस स्टेशन के जरिए आगरा मेट्रो दयालबाग को भी कनेक्ट करेगी.यूपीएमआरसी के सूत्रों के अनुसार मार्च 2026 तक सिकंदरा तक मेट्रो शुरू कर दी जाएगी और खंदारी पर बनने वाले स्टेशन का काम मार्च 2027 तक चालू होगा. इस स्टेशन से एक लेन दयालबाग सौ फुटा की ओर जाएगी तो वहीं दूसरी लेन खंदारी कैंपस से होते हुए जिला रोड की तरफ आएगी.
इसके अलावा यूपीएमआरसी की ओर से मेट्रो को आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से धनौली गेट तक जोड़ने का प्रस्ताव है. इसका जल्द सर्वे अलग से होगा. इससे मेट्रो खेरिया एयरपोर्ट से भी जुड़ जाएगी.
दूसरे कॉरिडोर पर भी तेजी से चल रहा काम
आगरा मेट्रो का दूसरा कॉरिडोर आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से एमजी रोड होते हुए कालिंदी विहार की ओर जाएगा. इस रूट पर कुल 14 मेट्रो के स्टेशन बनाए जाएंगे. एमजी रोड पर आखिरी स्टेशन दीवानी कोर्ट के पास बनाया जाएगा जहां से मेट्रो भगवान टाकीज फ्लाईओवर को क्रॉस कर हाइवे पर अबुउलाह रोड की तरफ कनेक्ट होगी. इसके बाद सुल्तानगंज की पुलिया से मेट्रो टर्न होते हुए लंगड़े की चौकी वो रोड पर जाएगी जहां कमला नगर स्टेशन बनाया जाएगा. इसके बाद आगरा मेट्रो रामबाग होते हुए मंडी समिति से कालिंदी विहार के लिए जाएगी.