आगरालीक्स…आगरा में बच्चों को भारतीय संस्कारों और सांस्कृतिक चेतना बढ़ाने के लिए लगा कैंप. खेलकूद, डांस के साथ ऐतिहासिक और नैतिक जीवन मूल्यों को बताया.
बच्चों में भारतीय संस्कारों और सांस्कृतिक चेतना का संचार करने के उद्देश्य से आयोजित बाल संस्कार शिविर का समापन रविवार को संपन्न हुआ। भारत विकास परिषद अमृतम शाखा द्वारा तीन दिवसीय यह शिविर गैलाना रोड स्थित रंगजी हाइट्स परिसर में आयोजित किया गया था। समापन समारोह का शुभारंभ भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि भारत विकास परिषद के क्षेत्रीय संरक्षक केशव दत्त गुप्ता, परिषद के संरक्षक नितेश अग्रवाल, उमेश बाबू अग्रवाल, आरएस गुप्ता, विजय अग्रवाल, शाखा अध्यक्ष कुलभूषण गुप्ता (राम भाई), संस्कार उपाध्यक्ष गौरव बिंदल, सचिव राजीव गोयल, कोषाध्यक्ष मयंक जैन, महिला संयोजक रेखा अग्रवाल आदि उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि केशव दत्त गुप्ता ने कहा कि बाल्यावस्था में दिए गए संस्कार जीवन की दिशा तय करते हैं। भारत विकास परिषद का यह प्रयास राष्ट्र निर्माण की नींव मजबूत करने वाला है। शिविर में बच्चों को भारतीय संस्कृति, इतिहास, नैतिक जीवन मूल्यों, गुरु वंदना, मंत्रोच्चार, सांस्कृतिक नृत्य, चित्रकला, तथा खेलकूद जैसी गतिविधियों के माध्यम से शिक्षित किया गया। गुंजन गोयल, यशिका गर्ग, संचिता बिंदल, रेखा अग्रवाल, उर्मिल बंसल, और भावना भार्गव ने बच्चों को विभिन्न विषयों में प्रशिक्षण दिया। शिविर के अंत में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, प्रतिभागियों के सम्मान, और प्रशस्ति पत्र वितरण का आयोजन हुआ। शिविर संयोजक गौरव बिंदल, महेश गोयल और गौरांग गर्ग थे। समारोह में संजीव गुप्ता, लवलेश गुप्ता, राघवेंद्र, डॉ. आरके अरोड़ा, मुकेश अग्रवाल, आरएन अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।