मथुरालीक्स…बिहारी जी के दर्शन कर लौट रहे बाइक सवार फैमिली का एक्सीडेंट. 12 साल के बेटे की मौत, पति—पत्नी गंभीर घायल
आगरा मंडल के मथुरा जिले में दर्दनाक एक्सीडेंट में बाइक सवार 12 साल के बच्चे की मौत हो गई जबकि उसके माता—पिता बुरी तरह से घायल हो गए हैं. ये लोग गाजियाबाद से बांकेबिहारी जी के दर्शन करने वृंदावन आए थे और दर्शन करने के बाद वापस लौट रहे थे लेकिन नौहझील थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस वे पर अज्ञात वाहन ने इनकी बाइक को टक्कर मार दी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है और बेटे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. गाजियाबाद के गांव रहीशपुर पुराना शिव मंदिर के रहने वाले मिन्टू अपनी पत्नी मीनाक्षी और 12 साल के बेटे शिवम के साथ बिहारी जी के दर्शन करने बाइक से वृंदावन आए थे. मंगलवार दोपहर तीनों दर्शन करने के बाद यमुना एक्सप्रेस वे से होकर वापस घर लौट रहे थे लेकिन माइल स्टोन 64 पर अज्ञात वाहन ने इनकी बाइक को चपेट में ले लिया. हादसे में बाइक सवार तीनों पति—पत्नी और बेटा गंभीर रूप से घ्ज्ञायल हो गए. सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को सीएचसी नौहझील भिजवाया. यहां शिवम की मौत हो गई जबकि पति—पत्नी की हालत गंभीर होने पर उन्हें मथुरा रेफर किया गया है.डॉक्टरों ने बताया कि तीनों के सिर में गंभीर चोट लगी है. बेटे की मौत हो गई है जबकि पति—पत्नी की हालत भी चिंताजनक है.