आगरालीक्स…आगरा के होली पब्लिक स्कूल ने फिलीपींस के शिक्षा विभाग के साथ किया एमओयू साइन. एक दूसरे के शैक्षणिक अनुभवों और कार्यक्रमों को करेंगे साझा. स्टूडेंट्स और शिक्षकों का वैश्विक दृष्टिकोण होगा विस्तारित
होली पब्लिक स्कूल, सिकंदरा (आगरा) ने शिक्षा और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने हेतु एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए फिलीपींस के शिक्षा विभाग के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर स्कूल के निदेशक शम्मी तोमर ने फिलीपींस से आये शैक्षिक प्रतिनिधिमंडल (HON. MELCHOR D. DICLAS, M.D. Governor, ESTELA P. LEON-CARIÑO EdD, CESO III and LORNA M. YACO, PhD) के साथ औपचारिक रूप से समझौते पर हस्ताक्षर किए। यह समझौता दोनों देशों के शैक्षिक ढांचे, नवाचार, शिक्षण पद्धतियों एवं सांस्कृतिक मूल्यों को साझा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। समझौते के तहत दोनों पक्ष एक-दूसरे के शैक्षणिक अनुभवों और कार्यक्रमों को साझा करेंगे तथा भविष्य में छात्र एवं शिक्षक आदान-प्रदान कार्यक्रमों की संभावनाओं पर भी कार्य किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान स्कूल के प्रशासक श्रेयांक तोमर, प्रधानाचार्य ज्ञानेंद्र कुमार, सहित विभिन्न विभागाध्यक्ष एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। यह सहयोग न केवल छात्रों के वैश्विक दृष्टिकोण को विस्तारित करेगा, बल्कि विभिन्न संस्कृतियों के बीच आपसी समझ और सौहार्द को भी प्रोत्साहित करेगा। यह ऐतिहासिक समझौता हॉली पब्लिक स्कूल के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि है, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाएं खुलेंगी।