आगरालीक्स…आगरा में 1500 दिन से निरंतर चल रही “सेवा की रसोई”…कोरोना टाइम में मधुनगर में हुई थी शुरू, हर दिन जरूरतमंदों को उपलब्ध हो रहा यहां भोजन…
प्रारम्भ वेलफेयर सोसाइटी द्वारा संचालित "प्रारम्भ अन्नपूर्णा" एक विशेष सेवा कार्य है, जो बीते 1500+ दिनों से मधुनगर, आगरा क्षेत्र में निरंतर रूप से संचालित हो रही है। इस पहल की शुरुआत कोविड-19 वैश्विक महामारी के दौरान हुई थी, जब हजारों लोग भोजन के लिए संघर्ष कर रहे थे। जहाँ महामारी के समय शुरू हुई कई सेवाएँ समय के साथ समाप्त हो गईं, वहीं प्रारम्भ अन्नपूर्णा आज भी पूरी श्रद्धा, समर्पण और सेवा भावना से हर दिन ज़रूरतमंदों को भोजन उपलब्ध करा रही है।यह सेवा ₹10 में भरपेट भोजन प्रदान करती है, और बच्चों तथा दिव्यांगजनों के लिए यह पूर्णतः नि:शुल्क है। इस सेवा का संचालन प्रारम्भ टीम के अंकुर गौतम, प्रशांत गोस्वामी, और मोहित जैन जी, शुभांशु पचौरी जी के नेतृत्व में हो रहा है।
विशेष आयोजन:साल भर में यहाँ चार से पांच बड़े भंडारे भी आयोजित किए जाते हैं, जिनमें सैकड़ों लोग एक साथ प्रसाद का आनंद लेते हैं। यह आयोजन न केवल भक्ति और सेवा का संगम होता है, बल्कि सामाजिक एकता का भी सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करता है। "प्रारम्भ अन्नपूर्णा" सेवा को जन-सहयोग से और भी व्यापक बनाया जा सकता है।
यदि कोई व्यक्ति अपने जन्मदिन, पुण्यतिथि, शादी की सालगिरह या किसी भी विशेष दिन पर एक दिन की भोजन सेवा का सहयोग करना चाहता है, तो वह इस पुनीत कार्य में भागीदार बन सकता है।
हमारा उद्देश्य है – 'कोई भूखा न सोए' और यह तभी संभव है जब समाज साथ चले।