आगरालीक्स …वीडियो न्यूज ..आगरा में प्लास्टिक के गिलास पर चालान करने के विवाद में नगर निगम के सेनेटरी इंस्पेक्टर ने मिठाई विक्रेता भाजपा विधायक के चाचा को पीटा, बुलडोजर से काउंटर ढहाया, दोनों ने मारपीट के लगाए आरोप। ( Agra News: BJP MLA Uncle owner of Sweet shops beaten by Nagar Nigam Team, Video#Agra)
आगरा के खेरिया मोड, सराय ख्चाजा नगला कमला खां रोड पर खेरागढ़ से भाजपा विधायक भगवान सिंह कुश्वाहा के चाचा जगदीश कुशवाहा का श्री नत्थी मिष्ठान भंडार है। बुधवार दोपहर में नगर निगम के सेनेटरी इंस्पेक्टर प्रदीप गौतम टीम के साथ उनके मिष्ठान भंडार पर पहुंचे। आरोप है कि दुकान पर प्लास्टिक के गिलास रखे होने पर एक हजार रुपये का चालान करने लगे, इस पर मिठाई की दुकान केसंचालक जगदीश कुशवाहा ने 500 रुपये का चालान करने का अनुरोध किया लेकिन वे नहीं माने। विवाद होने पर विधायक भगवान सिंह कुशवाहा के भाई मुकेश कुशवाहा भी आ गए। उन्होंने एक हजार रुपये जमा करा कर मामला शांत करा दिया।
जेसीबी से दुकान का काउंटर ढहाने के बाद विवाद, मारपीट
आरोप है कि कुछ देर बाद सेनेटरी इंस्पेक्टर प्रदीप गौतम अपनी टीम के साथ श्री नत्थी मिष्ठान भंडार पर पहुंचे। जेसीबी से उनकी दुकान का काउंटर ढहा दिया, उन्होंने विरोध किया स्थानीय लोग भी आ गए। दोनों पक्षों में मारपीट हो गई, लाठी डंडे चले इसका एक वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें विधायक के चाचा जगदीश कुशवाह को पीटते हुए नगर निगम के कर्मचारी दिखाई दे रहे हैं। मारपीट के बाद दोनों पक्ष थाने पर पहुंच गए। नगर निगम के सेनेटरी इंस्पेक्टर ने भी सरिया से हमला करने के आरोप लगाए हैं। काफी देर तक हंगामा चलता रहा।
जांच के लिए टीम गठित, विधायक ने की सेनेटरी इंस्पेक्टर पर कार्रवाई की मांग
इस मामले में भाजपा विधायक भगवान सिंह कुशवाहा का मीडिया से कहना है कि नगर निगम की टीम को चालान करने का अधिकार है लेकिन उन्होंने हमारे चाचा के साथ मारपीट की। उन्होंने सेनेटरी इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार को जांच अधिकारी नियुक्त किया है।