आगरालीक्स ….Agra News: आगरा में डेयरी से लाए दूध को पीने के बाद दो मासूमों की मौत के मामले में दूध के नमूनों की रिपोर्ट आई, जानें क्या निकला मामला। ( Agra News: Milk sample fail taken after death of two child in Agra#Agra)
आगरा के कागरौल में 10 जुलाई की शाम को पशु व्यापारी भूरा अपने घर के पास जगनेर रोड स्थित बच्चू डेयरी से दूध लेकर आए थे, उन्होंने दूध अपनी दो साल की बेटी माहिरा और 11 महीने के बेटे अवान को पिलाए। देर रात दोनों की तबीयत बिगड़ गई, बेहोश होने पर अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन तब तक मौत हो चुकी थी।
डेयरी से लिए थे दूध के दो नमूनें, पानी मिला अधिक, फैट कम
एफएसडीए की टीम ने दो मासूमों की मौत के बाद बच्चे डेयरी से दूध के दो नमूने लिए थे। सहायक आयुक्त खाद्य महेंद्र प्रताप के अनुसार, दूध के दोनों नमूने अद्योमान निकले हैं, गाय के दूध में साढ़े छह और भैंस के दूध में साढ़े सात प्रतिशत फैट होना चाहिए लेकिन पांच प्रतिशत फैट मिला है। वहीं, दूध में पानी 90 प्रतिशत होना चाहिए लेकिन 93 प्रतिशत मिला है। दूध में पानी अधिक मिलने और फैट कम मिलने पर एफएसडीए के द्वारा एडीएम कोर्ट में वाद दायर किया जाएगा।
दूध में पानी नहीं है मौत का कारण, गुत्थी अनसुलझी
दूध के नमूनों में पानी अधिक मिला है कोई केमिकल नहीं मिला है। ऐसे में दो मासूमों दूध पीने के बाद मौत की गुत्थी अनसुलझी रह गई है। अभी फोरेंसिंग विभाग की भी टीम आनी है। बच्चों का पोस्टमार्टम भी नहीं कराया गया था इसलिए मौत किस कारण से हुई है यह पता चलना मुश्किल लग रहा है।