आगरालीक्स….आगरा में युवा शक्ति का संकल्प, श्री खाटू श्याम जी ग्लोबल सोसाइटी ने 100 पौधे रोपे. देखरेख भी करेंगे…
समाजसेवा और धर्म के समर्पण भाव से प्रेरित श्रीखाटू श्याम जी ग्लोबल सोसाइटी ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए सेक्टर 9, आवास विकास कॉलोनी में 100 पौधे रोपित किए। इस वृक्षारोपण अभियान में संस्था के सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पौधों की देखरेख का संकल्प लिया।वर्ष 2022 में स्थापित इस संस्था की शुरुआत मात्र 12 युवाओं के साथ हुई थी, जो अब बढ़कर 40 समर्पित सदस्यों का परिवार बन चुकी है। संस्था प्रतिमाह विभिन्न सामाजिक और धार्मिक सेवा गतिविधियाँ जैसे गौ सेवा, भंडारा वितरण, वृद्धाश्रम सेवा, वृक्षारोपण अभियान, धार्मिक आयोजनों में सेवा आदि करती है।
अध्यक्ष कार्तिक अग्रवाल ने बताया कि खाटू श्याम जी ग्लोबल सोसाइटी का मूल उद्देश्य युवाओं को धर्म, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना है। हम चाहते हैं कि युवा केवल अपने लिए नहीं, बल्कि समाज के लिए भी सोचें और कार्य करें। इस संगठन के माध्यम से हम हर महीने एक ऐसा कार्य करना चाहते हैं, जो किसी न किसी रूप में समाज और मानवता के लिए उपयोगी हो।
उन्होंने आगे कहा कि सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं होता। हम गौसेवा से लेकर वृक्षारोपण और वृद्धजनों की सेवा तक, हर कार्य में श्रद्धा और संवेदना से जुड़े हैं।