आगरालीक्स…आगरा में हरियाली तीज पर श्री खाटू श्याम जी का अनोखा श्रृंगार, इलायची और कीवी से रचा गया मनोहारी रूप..भक्त हुए मंत्रमुग्ध
हरियाली तीज के पावन अवसर पर श्री श्याम प्रेमी सेवा परिवार द्वारा श्री खाटू श्याम जी मंदिर, जीवनी मंडी में भगवान का अत्यंत अनोखा और आकर्षक श्रृंगार किया गया। इस विशेष अवसर पर पहली बार भगवान का श्रृंगार इलायची और कीवी जैसे प्राकृतिक और सुगंधित फलों से किया गया, जिसने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।इस विशिष्ट श्रृंगार सेवा का सौभाग्य अजय गर्ग को प्राप्त हुआ, जिन्होंने अपनी भावपूर्ण सेवा से भगवान के स्वरूप को नव ऊर्जा प्रदान की। श्रृंगार में प्रयुक्त इलायची की सुगंध और कीवी की हरियाली ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश अग्रवाल ने इस मौके पर कहा कि हम हर पर्व को श्रद्धा और नवाचार के साथ मनाने का प्रयास करते हैं। तीज के पर्व पर किया गया यह श्रृंगार भक्तों को भगवान से जुड़ने का एक नया माध्यम बना।
संजय अग्रवाल ने कहा कि प्राकृतिक चीज़ों से भगवान का श्रृंगार न केवल पर्यावरण के प्रति हमारी आस्था को दर्शाता है, बल्कि इससे भक्ति में भी ताजगी और नवीनता आती है। श्रद्धालुओं की प्रसन्नता ही हमारे प्रयास की सफलता है। संध्या आरती के बाद खाटू नरेश के दरबार में भक्तों ने सावन की मल्हार से सजे भजनों का आनंद लिया।