आगरालीक्स…आगरा में पकड़ा गया मथुरा रेलवे स्टेशन से एक साल की मासूम बच्ची को किडनैप करने वाला. बोला—पत्नी का हो चुका है चार बार गर्भपात, एक बच्चा चाहता था, इसलिए ऐसा किया…
मथुरा जंक्शन से एक साल की बच्ची को किडनैप करने वाला आरोपी को पुलिस ने आगरा से अरेस्ट कर लिया है. मथुरा स्टेशन के प्लेटफार्म पर सो रही बच्ची को उठाकर वह आगरा की ओर जा रही ट्रेन में चढ़ गया. बच्चा किडनैपिंग की सूचना पर सक्रिय हुई जीआरपी और आरपीएफ ने दोपहर तीन बजे आगरा कैंट खेरिया पुल के नीचे से आरोपी को अरेस्ट कर लिया. आरोपी धौलपुर के थाना मनिया अंतर्गत मुहल्ला मदीना कॉलोनी का रहने वाला सतीश था. पूछताछ में उसने बताया कि उसकी शादी 2016 में हुई थी. पत्नी को चार बार गर्भपात हो गया था. वह एक बच्चा चाहता था और इसके लिए उसने इस बच्चे की किडनैपिंग की वारदात को अंजाम दिया. पुलिस आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर रही है. जानिए क्या है मामलाघटना मथुरा जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर दो की है. शुक्रवार रात को 10 बजे मध्य प्रदेश के जबलपुर में रहने वाली पूजा अपनी दो बच्ची के साथ प्लेटफार्म पर सो रही थी. महिला के साथ उसके दो बच्चे सो रहे थे. इसका पति बाहर कचरना बीनने के लिए चला गया था. बच्चों को सोता छोड़ महिला टॉयलेट करने के लिए चली गई. तभी एक युवक एक बच्ची को लेकर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में चढ़कर उसे आगरा की तरफ ले गया. इधर जब बच्चों की मां जैसे ही टॉयलेट से वापस आई तो उसे एक ही बच्चा लेटा मिला. उसने शोर मचाया तो स्टेशन पर काफी संख्या में यात्री जुट गए. बच्ची के किडनैपिंग पर जीआरपी और आरपीएफ तुरंत सक्रिय हो गई. ग्वालियर, झांसी और आगरा टीमें भेजी गईं.जीआरपी सीओ ने बताया कि आरोपी को दोपहर तीन बजे आगरा कैंट खेरिया पुल के नीचे से अरेस्ट कर लिया है.