आगरालीक्स …Agra News: आगरा में रेलवे ट्रैक पर बीकॉम के छात्र का शव मिला, एक युवती के चाचा के खिलाफ मुकदमा दर्ज। ( Agra News: 20 year old Bcom Student found dead on railway track#Agra)
आगरा के राजा की मंडी मंशा देवी गली निवासी अजय गौड़ एसएन मेडिकल कॉलेज के बिजली विभाग में कार्यरत हैं, उनका बेटा 20 साल का संदेश गौड़ बीकॉम कर रहा है। बुधवार को वह अपनी मां नीरज के साथ गैलाना स्थित अपनी ननिहाल में स्कूटर से गया था, बुधवार को ननिहाल में ही रुका।
फोन कर दोस्त ने बुलाया
गुरुवार को संदेश गौड़ के पास उसके दोस्त का फोन आया, फोन आने के बाद संदेश अपने दोस्त से मिलने की बात कहकर ननिहाल से दोपहर तीन बजे स्कूटर से चला गया। शाम 5 बजे संदेश ने अपने मामा के बेटे मन्नू को फोन कर बताया कि उसे एक युवती के चाचा ने पकड़ लिया है, उसके साथ मारपीट की है, 20 मिनट बाद संदेश ने मन्नू को लोकेशन भेजी। उस लोकेशन पर परिजन पहुंचे तो वहां संदेश नहीं मिला। शाम 6.15 बजे पुलिस ने परिजनों को सूचना दी कि लोहामंडी राजनगर के पास रेलवे ट्रैक पर संदेश का शव मिला है।
सीसीटीवी में दिखाई दिया संदेश
पुलिस की जांच में सीसीटीवी में संदेश राजा की मंडी स्टेशन पर स्कूटर को खड़ा कर जाता दिखाई दे रहा है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर युवती के चाचा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है।