आगरालीक्स…आगरा में मंत्रोच्चार संग हुए महागणपति के दिव्य दर्शन. श्रीवरद वल्लभा मंदिर छलेसर पर उमडी भक्तों की भीड
श्री वरद वल्लभा महागणपति मंदिर छलेसर में चल रहे 11 दिवसीय गणेश महोत्सव के नवें दिन गुरुवार को मंदिर प्रांगण में भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। पीताम्बर वस्त्रों और स्वर्ण आभूषणों के साथ हरित-पुष्पों से अलंकृत श्रृंगार में गणपति बप्पा ने भक्तों को दर्शन दिए। संस्थापक हरिमोहन गर्ग ने बताया कि नवें दिन गणपति का श्रृंगार विशेष रूप से आनंद और समृद्धि के प्रतीक पुष्पों से किया गया।मंदिर प्रांगण भक्ति गीतों, भजनों और जय देव जय देव जय मंगलमूर्ति के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा। भक्तों की अपार भीड़ दर्शन के लिए उमड़ पड़ी। सुबह से ही लंबी कतारों में खड़े श्रद्धालु गणपति का आशीर्वाद लेने पहुंचे। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर कोई भगवान गणेश की एक झलक पाने को आतुर रहा। प्रसाद स्वरूप लड्डुओं का भोग वितरित किया गया। संध्या काल में आयोजित विशेष भजन संध्या और कीर्तन ने वातावरण को और भी दिव्य बना दिया।