आगरालीक्स…आगरा में 1978 की बाढ़ की यादें हुईं ताजा. बेलनगंज बाजार तक पहुंचा यमुना का पानी. कैलाश मंदिर, बटेश्वर मंदिर, मोक्षधाम पब्लिक के लिए बंद. 1.53 लाख क्यूसेक पानी अभी और आएगा
आगरा में यमुना नदी इस समय उफान पर आई हुई हैं. पानी इतना अधिक हो गया है कि 47 साल पहले यानी 1978 में आई बाढ़ की यादें फिर से ताजा होने लगी हैं. इस बार यमुना का पानी बेलनगंज बाजार तक पहुंचने लग गया है. यमुना किनारा मार्ग पहले ही पूरी तरह से पानी से लबालब पड़ा हुआ है. दयालबाग की कई कॉलोनियों में पानी भरा हुआ है. रास्ते बंद हो गए हैं. हालात ज्यादा खराब होने लगे हैं.कैलाश मंदिर, बटेश्वर मंदिर, मोक्षधाम बंद
कैलाश मंदिर, बटेश्वर मंदिर और ताजगंज मोक्षधाम को बंद कर दिया गया है. तीनों ही जगह यमुना का पानी पहुंच गया है. ऐसे में लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. पोइयाघाट श्मशानघाट पहले से ही पानी से भरा हुआ पड़ा है.
बटेश्वर में हाल बेहाल
बाढ़ से बटेश्वर और बाह के गांव बेहाल रहे. बटेश्वर की शिव मंदिर श्रंखला के घाट डूब गये हैं. घाटों से पानी गलियों और सड़कों पर आ गया है. बटेश्वर मेला मैदान डूब गया है. मंदिर बाजार से लेकर शौरीपुर सड़क किनारे की दुकानों में पानी भर गया है. बाढ़ के डर से बटेश्वर के लोग दहशत में हैं. बटेश्वर के ब्रह्मलाल जी मंदिर में पानी भर गया है. पानी के बीच ही यमुना और शिव की आरती हुई. मंदिर के पुजारी जय प्रकाश गोस्वामी ने बताया कि जब तक मंदिर में पानी है, तब तक पट बंद रहेंगे. मंदिर प्रबंधक अजय भदौरिया ने श्रद्धालुओं से मंदिर पर न आने की अपील की है.
मण्डलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह ने कैलाश गांव, यमुना घाट तथा बाढ़ राहत केन्द्र का निरीक्षण किया. सम्बन्धित को सभी व्यवस्थायें सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. इस दौरान उनके साथ मौके पर एडीएम वित्त व राजस्व शुभांगी शुक्ला, नायब तहसीलदार अनिल चौधरी व तहसील सदर की राजस्व टीम मौके पर मौजूद रही. पानी इस समय स्थित है. मथुरा में भी यमुना का जलस्तर कम हुआ है. गोकुल बैराज से आगरा की ओर 1.52 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है. हालांकि आगरा में भी जलस्तर स्थिर बना हुआ है. उम्मीद है कि आने वाले समय में जलस्तर कम होगा.
कॉलोनियां और गांवों में पानी
यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ने से कैलाश गांव, दयालबाग की अमर विहार सहित अन्य कॉलोनी, बल्केश्वर की कॉलोनी, जीवनी मंडी क्षेत्र की कॉलोनियों में पानी भर गया है। वहीं, फतेहाबाद, पिनाहट और बटेश्वर के गांव में भी पानी पहुंच गया है। यमुना ताजमहल से सटकर बह रही है और ताजगंज मोक्षधाम पर पानी भर गया है इसके बाद मोक्षधाम और विद्युत शवदाह गृह बंद कर दिए गए हैं। डीएम अरविंद बंगारी मल्लपा ने लोगों से अपील की है कि वे यमुना के किनारे ना जाएं।
आगरा में आगरा में आज नौ सितंबर को शाम 6 बजे
यमुना का जलस्तर 501.40 फीट 152.835 मीटर
डेंजर लेवल 500 फीट 152.400 मीटर
हाई फ्लो लेवल 507.74 फीट 254.760 मीटर