आगरालीक्स…शादियों के लिए “उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश” की गूंज जयपुर में पहुंची. आगरा में होने जा रहे तीन दिवसीय वेडिंग एक्सपो में आकर्षण का केंद्र बना ‘वेडिंग यूपी पवेलियन’…
राजस्थान की राजधानी जयपुर में आयोजित तीन दिवसीय वेडिंग बिज़नेस एक्सपो एंड मीटिंग में वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश (आगरा चैप्टर) ने अपनी शानदार उपस्थिति दर्ज कराई। राजस्थान पर्यटन विभाग के सहयोग से एसोसिएशन ऑफ इवेंट्स इंटरप्रेन्योर्स द्वारा होटल जयपुर मैरियट में आयोजित इस भव्य आयोजन को EVOQUE 2025 नाम दिया गया। इस एक्सपो में एसोसिएशन के एक दर्जन से अधिक पदाधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी की। ‘शादियों के लिए उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश’ के स्लोगन के साथ लगाया गया वेडिंग यूपी पवेलियन पूरे आयोजन का आकर्षण बना रहा। यहां देशभर से आए वेडिंग सेक्टर से जुड़े उद्यमियों को उत्तर प्रदेश में शादियों के आयोजन के लिए आमंत्रित किया गया।
एसोसिएशन के महासचिव संदीप उपाध्याय ने कहा – “उत्तर प्रदेश आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक दृष्टि से समृद्ध प्रदेश है। इस आयोजन के माध्यम से हम देशभर के वेडिंग प्लानर्स और उद्यमियों को यूपी के प्रमुख वेडिंग डेस्टिनेशन्स – वाराणसी, प्रयागराज, अयोध्या, मथुरा, वृंदावन, आगरा, चित्रकूट सहित नॉएडा व गाज़ियाबाद – में विवाह आयोजन हेतु आमंत्रित कर रहे हैं।” वरिष्ठ पदाधिकारी एवं वेडिंग डेकोरेटर सौरभ सिंघल ने बताया कि “तीन दिनों में यूपी पवेलियन पर 400 से अधिक पूछताछ दर्ज की गईं। बड़ी संख्या में उद्यमियों ने यूपी में विवाह आयोजन की इच्छा जताई है।”
एसोसिएशन की पदाधिकारी सनी गुप्ता एवं रिचा भदौरिया ने संयुक्त रूप से कहा – “वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन अपने प्रयासों से विभिन्न राज्यों में लगने वाले वेडिंग एक्सपो में उत्तर प्रदेश को डेस्टिनेशन वेडिंग हब के रूप में प्रमोट कर रही है। हम चाहते हैं कि उत्तर प्रदेश सरकार भी, राजस्थान सरकार की तर्ज़ पर, प्रदेश को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में आगे बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाए।”इस आयोजन में राजस्थान की कला, संस्कृति, खानपान और रीति-रिवाजों को ‘आओ पधारो हमारे राजस्थान’ की थीम पर बेहद आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया। विभिन्न सत्रों में डेकोरेशन, कैटरिंग, हॉस्पिटैलिटी, एंटरटेनमेंट सहित वेडिंग इंडस्ट्री से जुड़े तमाम पहलुओं पर विशेषज्ञों ने चर्चा की और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला।
प्रतिनिधि मंडल में प्रमुख रूप से शामिल रहे –
पंकज गोयल, रिचा भदौरिया, सौरभ सिंघल, सनी गुप्ता, संदीप उपाध्याय, पियूष सिंघल, हर्ष सिसोदिया, वेद प्रकाश, राहुल कुशवाह, आशीष अरोरा, हनी गर्ग, आदित्य जैन, भरत शर्मा, मनदीप एवं ज़ीशान अली।