आगरालीक्स…आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में 158 महिलाओं ने लिया शिविर का लाभ. ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान के तहत निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन…
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी अभियान व उत्तर प्रदेश सरकार का संयुक्त अभियान ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ के तहत, एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर, 2025 तक एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू होकर गांधी जयंती तक चलेगा।
इस शिविर का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाना और उनमें स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। यह अभियान महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा मनाए जा रहे पोषण माह के साथ मिलकर संचालित किया जा रहा है। एसएन मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य, डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि इस शिविर में महिलाओं के लिए निशुल्क परामर्श व अनेकों जाँचें व दवाएं निःशुल्क हैं। इसमें खून की जाँच, ब्लड शुगर, अल्ट्रासाउंड और कैंसर स्क्रीनिंग जैसी आवश्यक जाँचें शामिल हैं। इसके अलावा, मेडिसिन, चर्म रोग, बाल रोग, दंत रोग, मनोरोग, नाक-कान-गला रोग और रेस्पिरेट्री मेडिसिन जैसे विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ डॉक्टर एक ही जगह पर परामर्श दे रहे हैं। स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ शिखा सिंह ने बताया कि अभियान के दूसरे दिन 158 महिलाओं ने इस शिविर का लाभ उठाया।