आगरालीक्स…आगरा के एमजी रोड पर और तेज हुआ मेट्रो का काम. 9 मशीनें और लगाई गईं. जानिए एमजी रोड पर कब दौड़ेगी मेट्रो और कौन—कौन से स्टेशन होंगे
आगरा मेट्रो का काम एमजी रोड पर और तेज कर दिया गया है. तेजी से यहां सभी स्टेशनों के लिए काम किया जा रहा है और इसके लिए 9 और मशीनें लगा दी गई हैं. दूसरा कॉरिडोर आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक बनेगा और ये पूरा ऐलिवेटेड होगा जिसमें 14 स्टेशन होंगे. इस कॉरिडोर को दो चरणों में पूरा किया जाना है. पहला चरण आगरा कैंट से आगरा कॉलेज तक का है तो दूरा कॉरिडोर हरीपर्वत से कालिंदी विहार तक का है. इसके जनवरी 2027 तक पूरा होने की संभावना है.
14 स्टेशन बनेंगे
शहर की लाइफलाइन कहे जाने वाले एमजी रोड पर मेट्रो ऐलिवेटेड चलेगी. आगरा कैंट से एमजी रोड तक इसका काम शुरू कर दिया गया है. फिलहाल हरीपर्वत चौराहे तक मेट्रो की बैरिकेडिंग लग चुकी है. इस रूट पर कुल 14 ऐलिवेटिड स्टेशनों का निर्माण किया जाना है. इस कॉरिडोर की मदद से यमुनापार क्षेत्र से लोग आसानी से आगरा कैंट रेलवे स्टेशन सहित शहर के अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर आ जा सकेंगे.
ये होगा दूसरे कॉरिडोर का पूरा रूट
आगरा कैंट से एमजी रोड होते हुए हाइवे जाकर कालिंदी विहार तक मेट्रो के 14 स्टेशन बनेंगे. एमजी रोड पर बीच में मेट्रो चलेगी और जहां—जहां स्टेशन बनेंगे उसके दोनों ओर स्टेशनों पर जाने के लिए रास्ते होंगे. आगरा कैंट से मेट्रो के बाद सदर स्टेशन बनेगा. इसके बाद एमजी रोड पर मेट्रो आएगी. यहां प्रतापपुरा, कलक्ट्रेट, आगरा कॉलेज, हरीपर्वत, संजय प्लेस पर स्टेशन बनेंगे. इसके बाद मेट्रो का एमजी रोड पर आखिरी स्टेशन दीवानी के पास होगा जिसे एमजी रोड नाम दिया जाएगा. यहां से मेट्रो भगवान टाकीज फ्लाईओवर को ऊपर से क्रॉस करते हुए अबुउलाह रोड की तरफ आएगी और आगे जाकर सुल्तानगंज की पुलिया स्टेशन बनेगा. सुल्तानगंज की पुलिया के आगे से मेट्रो लंगडे की चौकी की तरफ क्रॉस करेगी और लंगड़े की चौकी के पास मेट्रो का कमला नगर स्टेशन बनेगा. फिर इसी दिशा में मेट्रो आगे के लिए रवाना होगी और आगे जाकर पहले रामबाग, फिर फाउंड्री नगर, मंडी समिति और कालिंदी विहार नाम के मेट्रो स्टेशन बनेंगे.