आगरालीक्स …Agra News: दर्दनाक, आगरा के मल्टीस्टोरी अपार्टमेंट में सातवीं मंजिल से गिरकर पांच साल की सेंट पॉल्स चर्च कॉलेज की छात्रा की मौत, पिता रिफाइनरी में इंजीनियर और मां टीचर। ( Agra News: 5 year old girl falls from 7th Floor from apartment, died#Agra)
आगरा के सिकंदरा में भावना एस्टेट मार्ग पर रामरघु अनंदा फेज टू मल्टीस्टोरी अपार्टमेंट है। अपार्टमेंट की सातवीं मंजिल पर फ्लैट नंबर 724 में साउदी अरब स्थित रिफाइनरी में इंजीनियर मनोज प्रताप की पत्नी धारणा पांच साल की बेटी अनाहिता और ढ़ाई साल के बेटे के साथ रहती हैं। धारणा सिंह सैंया ब्लॉक के स्कूल में शिक्षिका हैं और अनाहिता सेंट पॉल्स चर्च कॉलेज में पढ़ती है।
मां सुबह टहलने गई थी, फ्लैट की बालकनी से अनाहिता के गिरने की आशंका
बुधवार सुबह धारणा सिंह चार बजे अपार्टमेंट में नीचे टहलने चली गई। अचानक से सिक्योरिटी गार्ड के शोर मचाने पर वह पहुंच गई, नीचे अनाहिता का शव पड़ा हुआ था कोई समझ नहीं पाया कि हादसा कैसे हुआ। इसके बाद जांच की गई। आशंका है कि सुबह धारणा सिंह टहलने के लिए नीचे चली गई, इसी दौरान अनाहिता की आंख खुल गई होगी वह अपनी मां को देखने के लिए फ्लैट के पीछे बनी बालकनी में पहुंच गई। बालकनी में तीन फीट की रेलिंग है, रेलिंग पर चढ़कर मां धारणा सिंह को देखने में अनाहिता के नीचे गिरने की आशंका है। हादसे के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। इंस्पेक्टर सिकंदरा प्रदीप राठी पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए, एसीपी हरीपर्वत खुद इस मामले की जांच कर रहे हैं।