आगरालीक्स…आगरा में मॉर्निंग वॉक पर चेन स्नेचिंग और लूट करने वालों को पहचान लें. तीन शातिरों के फोटो थाने पर लगे, 450 शातिरों के फोटो लगेंगे….पुलिस ने बनाया ये प्लान
आगरा में मॉर्निंग वॉक पर जाने वालों के साथ चेन स्नेचिंग व लूट की वारदात को अंजाम देने वाले शातिरों को पकड़ने के लिए पुलिस ने नया प्लान बनाया है. पुलिस अब उन सभी बदमाशों के फोटो थाने पर चस्पा कर रही है जो कि सुबह—सुबह इस तरह की वारदातों को अंजाम देते हैं. तीन फोटोज लगा दिए गए हैं और अब 450 शातिरों के फोटो लगेंगे. पुलिस का कहना है कि इससे लोगों को इन बदमाशों के बारे में जानकारी मिलेगी और वो सतर्क होंगे.
हाल ही में हुई हैं दो घटनाएं
हाल ही में आगरा में सुबह—सुबह दो लूट की घटनाएं सामने आई हैं. पालीवाल पार्क के गेट पर शिक्षिका के गले पर झपट्टा मारकर चेन तोड़ ली गई तो वहीं सदर के मधु नगर में भी महिला के गले से चेन छीनकर बदमाश भाग गए. इससे पहले भी कई घटनाएं ऐसी हुई हैं जिनमें मॉर्निंग वॉक पर जाने वालों को निशाना बनाया गया है.
450 अपराधी चिन्हित
डीसीपी सिटी ने बताया कि पिछले 10 साल के अंदर लूट और चेन स्नेचिंग में शमिल रहे अपराधियों को चिन्हित किया गया है. सिटी जोन में ऐसे 450 अपराधी हैें. इनमें 100 हाथरस, अलीगढ़, फिरोजाबाद और इटावा सहित अन्य जिलों के हैं. इन सभी का सत्यापन कराया गया है. अपने—अपने थाना क्षेत्रों के आरोपियों के फोटो नाम के साथ लगाए जा रहे हैं. इनका प्रचार सोशल मीडिया पर भी किया जा रहा है. इसका मकसद लेागों को जागरूक करना है.