आगरालीक्स…आगरा में आज 800 से अधिक शादियां. सड़कों पर बजते दिखेंगे बैंड बाजा बारात. शादियों में न पड़े कोई खलल इसके लिए पुलिस कमिश्नर से मिला वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन का प्रतिनिधिममंडल
आज एक नवंबर को देवोत्थान एकादशी है और आज से विवाह सहित सभी मंगल कार्यों की शुरआत हो रही है. अबूझ मुहूर्त होने के कारण आज देवोत्थान एकादशी पर आगरा में 800 से अधिक शादियों का अनुमान है. ऐसे में सड़कों पर आज शाम से बैंड बाजा बारात की धूम दिखाई देगी. शादियों में किसी भी प्रकार का कोई खलल न हो, कोई आपराधिक घटना न हो इसके लिए वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधि मंडल ने आज आगरा पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार से पुलिस लाइन स्थित कमिश्नरेट कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की. आगामी वैवाहिक (सहालग) सीजन को दृष्टिगत रखते हुए सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई.
प्रमुख सुझाव एवं मांगें
संगठन ने मांगपत्र में उल्लेख किया कि आगरा देश का प्रमुख वेडिंग डेस्टिनेशन होने के साथ-साथ एक अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद्र भी है। ऐसे में आगामी वैवाहिक सीजन में अतिथियों को बेहतर एवं सुरक्षित अनुभव प्रदान करने के लिए प्रशासनिक सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण
विवाह स्थलों के बाहर असामाजिक तत्वों एवं बच्चों के चोर गिरोहों की सक्रियता को देखते हुए प्रमुख स्थलों के आसपास विशेष गश्त एवं निगरानी बढ़ाए जाने का अनुरोध।
यातायात व्यवस्था
फतेहाबाद रोड, सिकन्दरा, पश्चिमपुरी, अवधपुरी, शाहगंज, बोदला, रामबाग, कलवारी-बिचपुरी रोड आदि क्षेत्रों में बड़ी संख्या में विवाह स्थल स्थित हैं। विवाह सीजन में अधिक भीड़ एवं वाहनों की आवाजाही को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल, ट्रैफिक प्रबंधन दल और मार्गदर्शन की व्यवस्था किए जाने का आग्रह।
मालवाहक वाहनों का सुगम आवागमन
विवाह आयोजनों में जुड़े लोडिंग टेम्पो दिन में कई बार स्थल पर आते-जाते हैं। ऐसे वाहनों के सुगम आवागमन के लिए विशेष अनुमति एवं सहयोग की अपील।
विवाह स्थलों पर नियमित पुलिस निरीक्षण
नियमित पुलिस उपस्थिति से सुरक्षा मजबूत होती है और असामाजिक तत्वों पर अंकुश रहता है। अतः निरीक्षण व्यवस्था निरंतर जारी रखने की मांग।
इस प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ‘रावी’ एवं संरक्षक राजेश गोयल ‘माना’ ने किया। बैठक में वरिष्ठ पदाधिकारियों में विमल गोयल, सौरभ सिंघल, तरुण अग्रवाल ‘जोनी’, अमित यादव, एवं एडमिनिस्ट्रेटर अनिल सविता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने एक सुझाव एवं मांगपत्र पुलिस कमिश्नर को सौंपा तथा एसोसिएशन की ओर से अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंट कर कमिश्नर महोदय का सम्मान किया।