आगरालीक्स…आगरा में 11 बेटियों के हाथों पर लगी पिया नाम की मेहंदी. कल आएगी इनकी बारात. सद्भावना पार्क में होगा सामूहिक विवाह समारोह…
मंगल गीतों की स्वरलहरियों से गूंजते परिसर में हर तरफ उत्साह और उल्लास था। आज मेहंदी उत्सव था और कल बारात आएगी। जिसमें अग्नि को साक्षी मानकर 11 दम्पति जीवन भर के पवित्र बंधन में बधेंगे। कमला नगर स्थित सद्भावना पार्क में इस वर्ष का सामूहिक विवाह समारोह बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ आयोजित किया जा रहा है। जिसके तहत शनिवार को मेहंदी उत्सव का आयोजन किया गया।
मेहंदी उत्सव का शुभारम्भ 11 बेटियों के हाथों में मेहंदी रचाकर किया। इसके उपरान्त प्रभा देवी व संगीता के हाथों में भी मेहंदी रचाई गई। ढोलक की थाप पर मंगल गीत गाए और खूब नृत्य भी हुआ। कार्यक्रम स्थल को सतरंगी फूलों व झिलमिल रोशनी की झालरों से सजाया गया। पारम्परिक परिधान में श्रंगारित महिलाओं ने स्थानीय लोग गीत गाए। समिति के अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल व संयोजक श्रीभगवान ने बताया कि विवाह की सभी रस्मों को रीति रिवाज के साथ सम्पन्न किया जाएगा। प्रातः दस बजे घुड़चड़ी और शाम 4 बजे विदाई होगी। सीमा अग्रवाल, मीरा व चारू ने बताया कि सेवा भारती की बेटियों द्वारा सभी के हाथों में मेहंदी रचाई गई, उन सभी को उपहार प्रदान किए गए।
विनोद गोयल व गौरव पोद्दार ने बताया कि 2 नवम्बर को प्रातः दस बजे कमला नगर श्रीराम चौक से घुड़चड़ी होगी। धूमधाम के साथ बारात सद्भावना पार्क पहुंचेगी, जहां बारात का स्वागत किया जाएगा। वरमाला दोपहर 12 बजे, सम्मान समारोह दोपहर 1 बजे व विदाई समारोह शाम 4 बजे होगा। समिति के सदस्यों ने बताया कि सामूहिक विवाह का उद्देश्य कमजोर परिवारों को आर्थिक राहत के साथ सामाजिक एकता व सहयोग का प्रतीक है। महामंत्री विनोद गर्ग, कोषाध्यक्ष सुरेश मांगलिक, संयोजक भगवान अग्रवाल, सहसंयोजक सुशील कुमार गुप्ता, मीडिया प्रभारी दीपक माहेश्वरी ने बताया कि विवाह के लिए सभी व्यवस्थाएँ पूरी कर ली गई हैं। इस अवसर पर मुख्य रूप से अनिल गोयल, अरुण जैन, रविकांत अग्रवाल, रमाकान्त अग्रवाल आरएस गुप्ता, सरिता गोयल, श्वेता, शिखा शुचि, अंजली, सरिता, ममता सिंघल, प्रियंका, शालिनी आदि उपस्थित थे।