आगरालीक्स…आगरा में हिंद की चादर श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के शहीदी दिवस पर अमृत वाणी से निहाल हुई संगत. रक्तदान भी किया.
श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी महाराज और उनके तीन सिख भाई मतीदास जी, भाई सती दास जी और भाई दयाला जी के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर गुरुद्वारा गुरु का ताल में भव्य कीर्तन समागम का आयोजन किया गया। जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों से आये रागी जत्थों व धर्म प्रचारकों के साथ-साथ आगरा के भी जत्थों ने हिस्सा लिया और गुरु तेग बहादुर जी महाराज जी की उच्चरित वाणी का गायन किया। गुरु महाराज के 350 में शहीदी शताब्दी वर्ष को मनाते हुए इस वर्ष आगरा में भी देशभर से विभिन्न धार्मिक यात्राएं आयी और आगरा से दिल्ली तक विशाल नगर कीर्तन निकाले जाने के साथ वर्ष भर अनेक धार्मिक आयोजन भी किए गए। इन सभी आयोजनों की अपार सफलता में अहम भूमिका निभाने वाली गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों, सोसाइटियों व अन्य सभी सहयोगियों का कीर्तन समागम के दौरान सिरोंपा देकर सम्मान भी किया गया।शाम का मुख्य समागम
गुरुद्वारा गुरु का ताल परिसर में बने भाई नंदलाल हाल में बहुत ही श्रद्धा भावना के साथ आयोजित किया गया।गुरु महाराज के स्वरूप को बहुत ही आदर सत्कार के साथ कीर्तन व पुष्प वर्षा करते हुए भाई नंदलाल हाल में लाया गया। गुरु महाराज को विराजमान करने के बाद सबसे पहले रहरास साहब का पाठ किया गया। कीर्तन समागम में मुख्य रूप से भाई सरवन सिंह जी खालसा हजूरी रागी दरबार साहिब अमृतसर, सिंह साहिब ज्ञानी हरपाल सिंह जीहेड ग्रंथी फतेहगढ़ साहिब, रागी भाई अनंतवीर सिंह जी ,रागी भाई सतविंदर सिंह जी ने कीर्तन की हाजिरी भरी ।इसके अलावा गुरुद्वारा गुरु का ताल के हजूरी रागी भाई हरजीत सिंह ,भाई लवजीत सिंह जी ने भी गुरबाणी गायन किया। कीर्तन समागम के दौरान गुरुद्वारा गुरु का ताल के मौजूदा मुखी संत बाबा प्रीतम सिंह जी ने कहा कि 350 वर्ष के समागम का आयोजन करना उनके लिए एक बड़े सौभाग्य की बात है साथ ही जिन लोगों ने भी इन सभी आयोजनों के दौरान अपनी हाजिरी भरी और इन आयोजनों में सहयोग दिया वे सभी गुरु महाराज की खुशियों के हकदार हैं । उन्होंने अपील की संगत अपनी अगली पीढ़ी को भी गुरु घर के साथ जोड़े। बच्चों को निरंतर अपने साथ गुरुद्वारा लेकर आए और अपने इतिहास , महापुरुष,गुरुओं की वाणी और उनकी शहादतों से नई पीढ़ी को अवश्य रूबरू कराए।
कीर्तन समागम के दौरान वर्ष भर चले आयोजनों और नगर कीर्तन में सहयोग करने वाले सभी गुरुद्वारा प्रबंध कमेटियों के सदस्यों विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी व हर उसे व्यक्ति का सम्मान किया गया जिन्होंने इन आयोजनों को सफल बनाने में सहयोग दिया है। इस दौरान गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा माईथान के प्रधान कवलदीप सिंह हेड ग्रंथि ज्ञानी कुलविंदर सिंह दलजीत सिंह सेतिया ,गुरमीत सिंह सेठी ,चौधरी मनजीत सिंह ,उपेंद्र सिंह लवली, बॉबी वालिया,राजू सलूजा ,अरविंद चावला ,जसपाल चावला, परमजीत मक्कड़, प्रवीण अरोड़ा, श्याम भोजवानी लकी सेतिया, बंटी ग्रोवर,परमात्मा सिंह अरोड़ा , परमीत सिंह छाबड़ा सतपाल बत्रा आदि का सम्मान किया।