आगरालीक्स…‘उड़ता आगरा’ तो नहीं बन रही ताजनगरी. एक करोड़ की चरस कार में छुपाकर लाई जा रही थी. होटल्स, रूफटॉप में देर रात चलने वाली पार्टियों में पहुंचाई जाती है नशे की डोज
ताजनगरी कहीं 'उड़ता आगरा' बनने की राह पर तो नहीं है. शहर के होटल्स, रूफटॉप में देर रात तक चलने वाली पार्टियों में नशे की डोज सप्लाई की जा रही है. इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है, क्योंकि थाना कमला नगर पुलिस और नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने एक कार में से 10 किलो चरस जिसकी अनुमानित कीमत एक करोड़ रुपये है, को बरामद किया है. कार में चरस फिल्मी अंदाज में छुपाकर लाई जा रही थी. पुलिस के अनुसार तिहाड़ जेल से छूटे दो तस्कर चरस की खेप को आगरा ला रहे थे. कार के दरवाजों में छुपा रखे थे पैकेटगुरुवार रात पंजाब नंबर की एक अर्टिगा कार को पुलिस ने रोका. इसमें दो लोग सवार थे. पूछताछ में इन्होंने अपना नाम बलीवर सिंह निवासी संगरूर और धर्मवीर राणा निवासी कुल्लू हिमाचल प्रदेश बताया. पुलिस ने जब इनसे सख्त तरीके से पूछताछ की तो इन्होंने बताया कि वे गुप्त तरीके से कार में छुपाकर चरस ले जा रहे थे. पुलिस ने कार के दरवाजे के अंदर एक बॉक्स देखा. बाहर से देखने पर इसका बिल्कुल पता नहीं चल रहा था कि अंदर पैकेट रखे होंगे. पुलिस ने एक दरवाजे से 12 पैकेट और दूसरे दरवाजे से 8 पैकेट बरामद किए हैं. पकड़ी गई चरए की कीमत एक करोड़ रुपये आंकी गई है. इनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.