आगरालीक्स…आगरा में दर्दनाक घटना, यूकेजी के छात्र की स्कूल बस के नीचे आने से मौत. छुट्टी होने पर बस से नीचे उतर रहा था, अचानक चल दी बस…एक दिन पहले मनाया था जन्मदिन
आगरा में एक दिल दुखाने वाली और दर्दनाक घटना सामने आई है. जगनेर के गांव दहगवां में स्कूल की बस के चपेट में आने से यूकेजी के छात्र की मौत हो गई. स्कूल की छुट्टी होने के बाद बच्चा बस से नीचे उतर रहा था लेकिन अचानक बस चल दी जिससे वो बस के पहिए के नीचे आ गया और उसकी मौत हो गई. एक दिन पहले ही उसका जन्मदिन परिवार ने धूमधाम से मनाया था. मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है. दहगवां गांव में इंद्रपाल रहते हैं. इनका पांच साल का बेटा सौरभव महाराजा कुमारसेन इंटर कॉलेज, सरेंधी में यूकेजी का छात्र है. सोमवार को सौरभ स्कूल गया था. दोपहर में छुट्टी होने के बाद वह स्कूल बस से वापस घर आ रहा था. गांव में बस रुकने पर सौरभ जैसे ही नीचे उतरा, बस अचानक चल दी. इससे सौरभ अनियंत्रित होकर गिर गया और बस के पहियों के नीचे आ गया. उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. लोग उसे सीएचसी लेकर गए लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. शव को पोसटमार्टम के लिए भेजा गया है. बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है. परिजनों के अनुसार एक दिन पहले ही सौरभ का जन्मदिन धूमधाम के साथ मनाया गया था. पुलिस मामले की जांच कर रही है.