मथुरालीक्स…वृंदावन के ठाकुर राधावल्लभ मंदिर में श्रद्धालु भिड़े. दो पक्षों में हुई जमकर मारपीट. खिचड़ी महोत्सव के दौरान मच गई अफरातफरी
वृंदावन के राधावल्लभ मंदिर में आज खिचड़ी महोत्सव मनाया गया. पहले दिन मंदिर में दर्शन के लिए दूर—दूर से काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंच लेकिन अफरातफरी तब मच गई जब श्रद्धालुओं के दो पक्षों में मंदिर परिसर के अंदर ही मारपीट होने लगी. मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया. मारपीट और झगड़े का वीडियो वायरल हो गया है.सोमवार सुबह करीब छह बजे ही ठाकुर राधावल्लभ मंदिर में खिचड़ी महोत्सव शुरू हो गया. मंदिर के पट खुलते ही मंगला आरती के दौरान मंदिर का चौक श्रद्धालुओं से पूरी तरह भर गया. बताया जाता है कि इसी बीच एक श्रद्धालु ठाकुर जी की मंगला आरती का वीडियो बनाने लगा. तभी पीछे खड़े श्रद्धालु ने दर्शन करने में आ रही परेशानी को लेकर उस व्यक्ति से हाथ नीचे करने को कहा. लेकिन वीडियो बना रहे व्यकित् ने हाथ नीचे नहीं किए और वह तेज आवाज में उस श्रद्धालु से कुछ बोलने लगा जिसके बाद दोनों श्रद्धालुओं के बीच मारपीट हो गई. इससे वहां अफरातफरी मच गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया.