आगरालीक्स… आगरा में बीच बाजार फायरिंग और मारपीट में सुधीर बैंड के संचालक सुधीर पर डकैती का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इसके साथ ही विहिप कार्यकर्ताओं का वीडियो वायरल हुआ है, इसमें पुलिस की मौजूदगी में कार्यकर्ता डंडों से पिटाई कर रहे हैं, पुलिस के रोकने के बाद भी विहिप कार्यकर्ता लोगों को पीटते रहे। इससे दहशत में दुकानें बंद हो गईं।
मंगलवार रात को विहिप के प्रांतीय संगठन मंत्री मनोज कुमार की गाडी को उनका ड्राइवर फुलट्टी चौराहे पर सुधीर बैंड के सामने खडी कर रहा था, यह रास्ता सकरा है, गाडी खडी होने से जाम लग जाता है। सुधीर बैंड के कर्मचारियों ने गाडी खडी करने से मना किया, इसे लेकर विवाद हो गया। सुधीर बैंड के संचालक ने ड्राइवर की पिटाई लगा दी, ड्राइवर के साथ विहिप के प्रांतीय संगठन मंत्री मनोज कुमार वहां से चले आए, कुछ देर बाद अपने समर्थकों के साथ फुलट्टी पहुंच गए।
आमने सामने की फायरिंग से भगदड
बताया जा रहा है कि विहिप कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे मनोज कुमार ने सुधीर बैंड के संचालकों को गाली देना शुरू कर दिया, इस पर वह भी बाहर निकल आए, उनके साथ कर्मचारी भी आ गए। मारपीट के बाद दोनों तरफ से आमने सामने की फायरिंग होने लगी, इससे लोगों में भगदड मच गई। बीच बाजार में हुई फायरिंग से लोग तंग गलियों से जान बचाकर भाग खडे हुए।
पथराव और तोडफोड
विहिप कार्यकर्ताओं से घिरने के बाद सुधीर बैंड के संचालक सहित कर्मचारी मौके से भाग खडे हुए। आरोप है कि विहिप कार्यकर्ताओं ने सुधीर बैंड की दुकान में तोडफोड की और पाथराव किया। इस दौरान पुलिस के न आने से लोग दहशत में रहे। एसपी सिटी कुंवर अनुपम सिंह ने मीडिया को बताया कि इस मामले में जांच की जा रही है। जांच के आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डकैती में मुकदमा
एसएसपी अमित पाठक ने मीडिया को बताया कि हिंदूवादी नेताओं की तहरीर के आधार पर सुधीर बैंड के खिलाफ डकैती का मुकदमा दर्ज कर लिया है, जिसमें उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।