आगरालीक्स…नये साल से पहले अयोध्या—काशी में लंबी लाइनें, वृंदावन में श्रद्धालुओं का सैलाब, खाटू श्याम में वीआईपी व्यवस्था बंद, ताजमहल भी हाउसफुल
नये साल से पहले धार्मिक स्थलों पर इस समय रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं का सैलाब पहुंच रहा है. हाल ये है कि अयोध्या—काशी—प्रयागराज में जहां श्रद्धालुओं की लंबी लंबी लाइनें लगी हुई हैं तो वहीं खाटू श्याम में भारी भीड़ के चलते वीआईपी व्यवस्था को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है. वृंदावन में श्रद्धालुओं का सैलाब इस कदर उमड़ा हुआ है कि मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील है कि वो 5 जनवरी तक वृंदावन न आएं, खासकर बच्चे, गर्भवती और बुजुर्गों को न आने की सलाह दी गई है.
वृंदावन में श्रद्धालुओं से न आने की अपील
नये साल से पहले ही वृंदावन के ठाकुर श्री बांकेबिहारी जी के दर्शन के लिए इस समय श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा पड़ा हुआ है. नये साल से पहले ही श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड संख्या वृंदावन पहुंच रही है. ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर से लेकर निधिवन राज मंदिर तक भीड़ का दबाव काफी था. मंदिर के बाहर और अंदर पैर रखने तक की जगह नहीं बची थी. श्री बांकेबिहारी मंदिर के सेवायतों ने श्रद्धालुओं से फिलहाल वृंदावन न आने की अपील की है. सेवायतों का कहना है कि वर्तमान स्थितियों को देखते हुए यदि यात्रा को कुछ समय के लिए टाल दिया जाए तो यह श्रद्धालुओं और स्थानीय व्यवस्था दोनों के लिए बेहतर होगा.
अयोध्या—काशी में लंबी लंबी लाइनें
नये साल के पहले अयोध्या में भगवान रामलला के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी संख्या रामनगरी में पहुंच चुकी है. सभी होटल से लेकर गेस्ट हाउस और धर्मशालाएं तक हाउसफुल हैं. मंदिर में दर्शन के लिए अभी से दो से तीन किमी लंबी लाइनें श्रद्धालुओं की लग रही हैं. यही हाल काशी का है. भगवान विश्वनाथ के दर्शन के लिए यहां भी श्रद्धा का सैलाब इस समय उमड़ा पड़ा हुआ है.
खाटू श्याम में वीआईपी दर्शन पर रोक
खाटू श्याम, सीकर में नये साल पर करीब 15 लाख भक्तों के पहुंचने की संभावना है. ऐसे में भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए श्री श्याम मंदिर कमेटी और जिला प्रशासन ने 29 दिसंबर से 2 जनवरी तक वीआईपी दर्शन पर पूरी तरह से रोक लगा दी है. मंदिर प्रशासन के अनुसार खाटू श्याम जी के दर्शन को आने वाले लोगों को कई गिरोह वीआईपी दर्शन के नाम पर गुमराह करते हैं और उनसे पैसे ऐंठते हैं. 500 से 1000 रुपये तक लिएजा रहे हैं. ऐसे में पुलिस ने भक्तों को अलर्ट किया है कि वीआईपी दर्शन पूरी तरह से बंद हैं और लोग इनके झांसे में न आएं. वहीं मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह ने बताया कि 5 जनवरी तक वीआईपी दर्शन की कोई व्यवस्था नहीं है, 14 लाइनों में लगकर ही भक्त आराध्य के दर्शन करें. किसी भी लपका गिरोह के झांसे में न आएं और न ही वीआईपी दर्शन के नाम पर पैसे दें.
ताजमहल हाउसफुल
नया साल और पर्यटन सीजन होने के कारण ताजमहल पर भी इस समय रिकॉर्ड संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं. बीते शनिवार और रविवार को ही करीब 1.5 लाख पर्यटकों ने ताजमहल का दीदार किया है. नये साल पर यह संख्या और अधिक हो सकती है.