आगरालीक्स…आगरा में अंतरराष्ट्रीय मनोवैज्ञानिक संवाद सत्र 4 जनवरी को. फीलिंग माइंड्स संस्था के कार्यालय में जुटेंगे विश्वप्रसिद्ध मनोवैज्ञानिक
मानसिक स्वास्थ्य एवं भावनात्मक शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत फीलिंग माइंड्स संस्था के विमल विहार, सिकंदरा बोदला रोड आगरा में 4 जनवरी (रविवार) को एक विशेष अंतरराष्ट्रीय मनोवैज्ञानिक संवाद सत्र का आयोजन किया जा रहा है। यह सत्र विश्वस्तरीय मनोविज्ञान विशेषज्ञों की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित होगा। इस अवसर पर डॉ. आर्थर सी. इवांस, वाइस प्रेसिडेंट एवं सीईओ, अमेरिकन साइकोलॉजिकल एसोसिएशन (APA) तथा फिलाडेल्फिया मॉडल के निर्माता, विशेष रूप से संवाद सत्र में शामिल होंगे। उनके साथ डॉ. एन वर्नन पूर्व अध्यक्ष – अल्बर्ट एलिस इंस्टीट्यूट, न्यूयॉर्क, अमेरिका और डॉ. रेनर कुर्ज़, चीफ साइकोलॉजिस्ट, HUCAMA Analytics Ltd, लंदन भी सहभागिता करेंगे।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण डॉ. आर्थर सी. इवांस और डॉ. चिनू अग्रवाल के बीच होने वाला विशेष संवाद रहेगा, जिसमें मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक सशक्तिकरण, आधुनिक मनोवैज्ञानिक मॉडल तथा समाज में उनके व्यावहारिक अनुप्रयोगों पर सार्थक चर्चा की जाएगी। डॉ . चीनू अग्रवाल मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक शिक्षा और इमोशनल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में देश की एक जानी-मानी विशेषज्ञ हैं। वे फीलिंग माइंड्स संस्था की संस्थापक एवं निदेशक हैं और विगत कई वर्षों से बच्चों, किशोरों, युवाओं, शिक्षकों, अभिभावकों एवं कॉर्पोरेट सेक्टर के साथ भावनात्मक सशक्तिकरण पर निरंतर कार्य कर रही हैं। डॉ. अग्रवाल ने मानसिक स्वास्थ्य को केवल उपचार तक सीमित न रखते हुए उसे जीवन कौशल, आत्म-जागरूकता और सकारात्मक सोच से जोड़ने का अभिनव दृष्टिकोण विकसित किया है।
डॉ. चीनू अग्रवाल द्वारा विकसित फील-सील ओरिएंटेशन प्रोग्राम देश-विदेश में सराहना प्राप्त कर चुका है, जिसके माध्यम से भावनाओं की समझ, आत्म-नियंत्रण, सहानुभूति और मानसिक संतुलन को व्यवहारिक रूप से सिखाया जाता है। वे विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मानसिक स्वास्थ्य, स्कूल में भावनात्मक शिक्षा और समाज में बढ़ते मानसिक तनाव जैसे विषयों पर व्याख्यान दे चुकी हैं। उनका मानना है कि भावनात्मक रूप से स्वस्थ व्यक्ति ही सशक्त समाज की नींव रख सकता है।
संस्थापक डॉ चीनू अग्रवाल के अनुसार यह कार्यक्रम मनोविज्ञान के विद्यार्थियों, शिक्षकों, काउंसलर्स, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं मानसिक स्वास्थ्य में रुचि रखने वाले नागरिकों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायी सिद्ध होगा। इस अंतरराष्ट्रीय सहभागिता से आगरा में भावनात्मक शिक्षा और मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता को नई दिशा मिलेगी।