आगरालीक्स…आगरा में दुकानदार की पीट—पीट कर हत्या. बिजली का तार डालने को लेकर दो पक्षों में हुआ था विवाद, बीच बचाव करने गया था दुकानदार
आगरा के थाना बमरौली कटारा क्षेत्र के गांव पावावली में एक परचून दुकानदार की पीट पीट कर हत्या कर दी गई है. बिजली का तार डालने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था जिसके बीच बचाव करने पहुंचे दुकानदार को भी पीट डाला जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. मामले की जांच की जा रही है.
गांव में रहने वाली पूनम और गोलो गुरुवार सुबह बिजली के खंभे से तार डाल रही थी तभी उनका विवाद दूसरे पक्ष के रामकिशन और बाचाराम से हो गया. लेकिन यह विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष एक दूसरे को गाली गलौज करने लगे. शोर सुनकर परचून की दुकान चलाने वाले भूरी सिंह मौके पर पहुंच गए. उन्होंने आरोपियों से गाली देने से मना किया जिसके बाद आरोपियों ने भूरी सिंह पर हमला कर दिया और लाठी—डंडों से पिटाई कर दी जिससे उनकी थोड़ी देर बाद मौत हो गई.
सूचना पर थानाध्यक्ष बमरौली कटारा और पुलिसबल गांव पहुंच गया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.