आगरालीक्स…आगरा में चारधाम यात्रा से लौटते श्रद्धालुओं के आटो में तेज स्पीड कंटेनर ने मारी टक्कर, हादसे में पांच की मौत, चार की हालत गंभीर
आगरा में सादाबाद के गांव नगला मनी और धांधउ से श्रद्धालु चारधाम यात्रा पर गए थे। यात्रा पूरी होने के बाद वे शनिवार को ट्रेन से वापस लौटे। आगरा फोर्ट से आटो से रामबाग चौराहे पर आए। रामबाग से दो आटो से बच्चों सहित 15 लोग अपने घर सादाबाद जा रहे थे। टेढ़ी बगिया से आगे जलेसर रोड पर नगला चंदन के पास कंटेनर ने एक के बाद एक आटो में टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं।हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने कंटेनर चालक की पिटाई लगा दी। इसके बाद जाम लगा दिया। काफी देर तक हंगामा होता रहा। हादसे में घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस मृतकों की पहचान का प्रयास कर रही है।