आगरालीक्स …Agra News: आगरा में नोएडा की तर्ज पर यमुना एक्सप्रेस वे के पास न्यू आगरा अर्बन सेंटर मास्टर प्लान को मिली मंजूरी, आईटी पार्क, होटल, स्पोर्ट्स विलेज में 10 हजार लोगों को रोजगार और 15 लाख लोगों के लिए आवासीय योजना।
नोएडा की तर्ज पर आगरा के 58 गांवों में 14480 हेक्टेयर जमीन पर आगरा अर्बन सेंटर की महायोजना 2041 की यमुना एकसप्रेस वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण यानी यीडा की बोर्ड बैठक में शुक्रवार को मंजूरी दे दी गई। महायोजना का ड्राफ्ट ट्रेक्टबेल इंजीनियरिंग कंपनी ने तैयार किया है। आगरा अर्बन सेंटर का विकास तीन चरणों में पूरा होगा। जिसमें गैरप्रदूषणकारी उद्योग लगाने, हाॅस्पीटेलिटी, पर्यटन, आईटी पार्क, रिसर्च लैब, फुटवियर डिजाइन सहित अन्य गौर प्रदूषणकारी उद्योग स्थापित होंगे इससे लगभग 10 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा। ( Agra News: New Agra Urban Center master plan approve in YEIDA board Meeting)
1878 हेक्टेयर में आवासीय सुविधाएं
आगरा अर्बन सेंटर में लगभग 1878 हेक्टेयर क्षेत्र में आवासीय सुविधाएं विकसित की जाएंगी। सेक्टर स्तर से एचआईजी, एमआईजी, एलआईजी और ईडब्लूएस हाउसिंग की प्लानिंग की गयी है जिसमें 12 से 15 लाख लोगों की रहने की सुविधा होगी।
तीन हजार हेक्टेयर में औद्योगिक क्षेत्र
3 हजार हेक्टेयर में औद्योगिक क्षेत्र का विकास किया जाएगा। 405 हेक्टेयेर में पर्यटन क्षेत्र का दो जोन में डेवलपमेंट किया जायेगा जिसमें लक्जरी,बजट होटल, रिसोर्ट, एग्जीबिशन एण्ड ट्रेड सेंटर, रिवरफ्रन्ट, थीम पार्क, वेलनेस सेंटर आदि सुविधाएं विकसित होगीं। गोल्फ कोर्स, स्पोर्ट्स विलेज और बायोडायवर्सिटी पार्क की भी प्लानिंग की गयी है।
हरित क्षेत्र विकसित करने हेतु सिटी लेवल के दो और डिस्ट्रिक लेवल पर चार पार्क बनेंगे। टीटीजेड को ध्यान में रखते हुए आगरा परिक्षेत्र में 20 से कम प्रदूषण स्कोर वाले उद्योगों की स्थापना को ही वरीयता दी जाए। 256 मेगावाट क्षमता का सोलर पार्क तैयार किया जाएगा। हवाई, रेल, मेट्रो और हाइवे, एक्प्रेसवे से कनैक्टिविटी को ध्यान में रखते हुए रोड़ नेटवर्क, इंटरचेंज और ट्रांसपोर्टेशन का विकास किया जाएगा। 375 एमएलडी पानी की आवश्यकता होगी जिसके लिए निचली गंगा नहर, यमुना नदी, रेन वाॅटर रिसोर्स पर निर्भर रहना होगा।