आगरालीक्स…आगरा में एसीपी के नाम से बनाई तीन फर्जी एफबी आईडी. परिचितों से मांगें पैसे. मुकदमा दर्ज
आगरा में साइबर शातिरों ने पुलिस को भी नहीं छोड़ा है. दुस्साहस दिखाते हुए शातिरों ने आगरा में एसीपी के नाम से तीन फर्जी फेसबुक आईडी बना डालीं. इसके बाद उनके ही परिचितों को ठगने की कोशिश करने लगे. मामले की जानकारी होने के बाद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.एसीपी सदर इमरान अहमद ने बीते दिनों फेसबुक पर एक पोस्ट की. पोस्ट पर उनके परिचितों ने कमेंट किया और उनके नाम से एक और फेसबुक आईडी बनी होने की जानकारी दी. इसके बाद उन्हें जानकारी हुई कि डिप्टी एसपी इमरान अहमद नाम से तीन फेसबुक आइडी बनाई गई हैं और उन आईडी से फ्रैंड रिक्वेस्ट भी भेजी गई हैं. यही नहीं इन आईडी से तबादला होने की बोल कर पुराना फर्नीचर बेचने के बहाने रुपये मांगे जा रहे हैं. कुछ परिचितों ने आईडी को सही मानकर आनलाइन रुपये भी भेजे हैं. इसके बाद थाना साइबर में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.