आगरालीक्स …Agra News: आगरा में ज्वैलर्स की दुकान पर ग्राहक बनकर पहुंचा चोर, 15 लाख की सोने की चेन चोरी कर ले गया। सीसीटीवी में चोर की हरकत कैद, पुलिस जांच में जुटी।
आगरा के कमला नगर निवासी सक्षम जैन की किनारी बाजार में अरिहंत आर्नामेंटस की होलसेल की दुकान है। 31 जनवरी को सक्षम जैन अपनी पत्नी को दिखाने के लिए डॉक्टर के पास गए थे और दुकान पर उनके पिता मनीष जैन थे।
80 ग्राम की सोने की चेन जेब में रखकर चोर गायब
31 जनवरी को शाम 4.30 बजे अरिहंत आर्नामेंट पर मनीष जैन बैठे हुए थे, इसी दौरान बाइक पर दो युवक आए। एक युवक दुकान के अंदर चला गया, उसने सोने की चेन दिखाने के लिए कहा। मनीष जैन ने सोने की चेन का डिब्बा निकाला और एक के बाद एक कई चेन दिखाई। यहीं से चोर ने उन्हें बातों में फंसा लिया, चेन को हाथ में लेने के बाद उसका वजन कराया। जबकि उसके दूसरे साथी ने दुकान पर तैनात कर्मचारी को एक अन्य दुकान का पता पूछने के बहाने बाहर बुला लिया। इसी बीच युवक ने सोने की एक चेन को अपनी उंगलियों के बीच में दबाने के बाद जेब में रख लिया और कुछ देर बाद खरीदारी किए बिना ही चले गए।
वजन कमने पर चोरी का हुआ अहसास, सीसीटीवी में दिखाई दिया चोर
रात को दुकान बंद करते समय ज्वैलरी के डिब्बों का वजन किया तो सोने की चेन वाले डिब्बे का वजन कम था। इसके बाद सीसीटीवी देखे तो युवक सोने की चेन की पुड़िया को उंगलियों के बीच में दबाकर जेब में रखते हुए दिखाई दे गया। डीसीपी सिटी के निर्देश पर मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस जांच में जुटी हुई है।