आगरालीक्स आगरा में दुल्हन ने पिंक पर्पल रंग का लहंगा पसंद किया लेकिन सैम्पेन गोल्डन ब्राउन कलर का लहंगा भेज दिया। शोरूम संचालक को 2.50 लाख रुपये ब्याज सहित देने के आदेश।
आगरा के थाना छत्ता के रहने वाले रितुल जैन की बेटी की एक मार्च 2024 को को शादी थी, आरोप है कि उन्होंने अनुश्री जैन प्रोपराइटर तुभ्यम साड़ी शोरूम, कोलकाता से 2.50 लाख रुपये कीमत का पिंक पर्पल रंग का लहंगा खरीदा, इसके साथ ही दो लाख रुपये का एक और लहंगा अग्रिम भुगतान कर पसंद कर लिया। शोरूम संचालिका ने पांच जनवरी 2024 तक लहंगा डिलीवरी की बात कही, लेकिन 31 जनवरी को लहंगा भेजा गया।
पिंक पर्पल रंग की जगह भेज दिया सैम्पेन गोल्डन ब्राउन कलर
जब लहंगा देखा तो वह पिंक पर्पल रंग की जगह सैम्पेन गोल्डन ब्राउन कलर का था, दुल्हन को यह लहंगा पसंद नहीं था। शोरूम संचालिका से बात की तो उसने लहंगा वापस करने के लिए कहा, आठ फरवरी को लहंगा वापस भेज दिया। मगर, इसके बाद ना तो पिंक पर्पल रंग का लहंगा भेजा और ना ही पैसे वापस दिए। शादी नजदीक आने पर दिल्ली से दो लहंगे खरीदनी पड़े। इस मामले में रितुल जैन ने छह अगस्त 2024 को जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग प्रथम में वाद दायर किया।
इस मामले में आयोग के अध्यक्ष सर्वेश कुमार और सदस्य राजीव कुमार ने अनुश्री जैन प्रोपराइटर तुभ्यम साड़ी शोरूम कोलकाता 45 दिन के भीतर लहंगे की कीमत 2.50 लाख रुपये 6 फीसदी ब्याज सहित लौटाने साथ ही, मानसिक कष्ट के 15 हजार रुपये अतिरिक्त देने के आदेश जारी किए हैं।