मथुरालीक्स…बरसाना में लड्डू और लठामार होली पर कड़ी होगी सुरक्षा. हुरियारों के भेष में सुरक्षाकर्मी रहेंगे तैनात तो ड्रोन भी रखेगा नजर…
ब्रज में प्रसिद्ध रंगोत्सव की शुरुआत 24 फरवरी से होने जा रही है. इस रंगोत्सव में सबसे अधिक आकर्षक होता है राधारानी के आंगन बरसाना में होने वाली लड्डू व लठामार होली का. विश्वप्रसिद्ध लठामार होली के आयोजन को देखने के लिए लाखों की संख्या में श्रद्धालु बरसाना पहुंचते हैं. ऐसे में सुरक्षा भी कड़ी रखी जाती है. इस बार भी सुरक्षा कड़ी की गई है. पुलिस प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से इसको लेकर सतर्क हैं. इस बार हुरियारों और आम श्रद्धालुओं के भेष में यानी सादा कपड़ों में सुरक्षाकर्मी भीड़ के बीच तैनात रहेंगे और हुड़दंगियों और संदिग्धों पर नजर रखेंगे. इसके अलावा ड्रोन से भी सुरक्षा रखी जाएगी. कई जिलों का फोर्स जाएगा रंगोत्सव मेंमथुरा के प्रसिद्ध रंगोत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के लिए मथुरा के अलावा आगरा, हाथरस, फिरोजाबाद, मैनपुरी, अलीगढ़ और एटा से भी एक हजार से अधिक पुलिसकर्मी यहां पहुंचेंगे और ड्यूटी देंगे. संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर एंटी सबोटाज टीम और बम निरोधक दस्ते भी तैनात रहेंगे. इसके अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालान की पूरी निगरारी कंट्रोल रूम से भी होगी.