आगरालीक्स….जानलेवा प्रयास, जान पर बन आई..आगरा कैंट स्टेशन पर चलती ट्रेन को पकड़ने में दो बार गिरी महिला…वीडियो वायरल
आगरा कैंट रेलवे स्टेशन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जो कि काफी डरावना है. इसमें एक महिला चलती ट्रेन को पकड़ने के लिए दो बार प्लेटफार्म पर गिरी. हालांकि तीसरे प्रयास में वह ट्रेन को पकड़कर चढ़ने में सफल हो गई लेकिन इस प्रयास में उसकी जान पर भी बन आई थी.मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आगरा कैंट रेलवे स्टेशन एक ट्रेन आकर रुकी. ट्रेन में सवार एक महिला पानी की बोतल लेकर प्लेटफार्म पर पानी भरने के लिए उतरी. उस महिला का बच्चा ट्रेन में ही था. जब तक महिला पानी भर पाती तब तक ट्रेन चल दी. ऐसे में महिला घरा गई और उसने ट्रेन को पकड़ने की कोशिश की. कोच में चढ़ने के दौरान उसने दो बार दरवाजे का हैंडल पकड़ा लेकिन वह गिर गई. तीसरी बार की कोशिश में वह किसी तरीके से और दौड़ लगाकर ट्रेन में चढ़ गई. अब ये वीडियो वायरल हो रहा है. रेलवे अधिकारियों का कहना है कि अगर किसी का सामान या परिजन या बच्चा किसी कारणवश ट्रेन में रह जाता है तो इसकी शिकायत रेलवे अफसरों या फिर रेलवे हेल्पलाइन पर की जा सकती है. जल्दबाजी में चढ़ने का प्रयास न करें. यह एक अपराध भी है और इसमें जान भी जा सकती है.