आगरालीक्स…सलामती चाहते हो तो 2.5 करोड़ का इंतजाम कर लो. आगरा के ज्वेलर्स को मिली थी व्हाट्सएप पर धमकी…पुलिस ने चार आरोपियों को किया अरेस्ट…रंगदारी की यह वारदात टोटल फिल्मी स्टाइल में रची गई..
तुम्हारी दुकान में चोरी हुई है,इसमें कुछ माल नहीं गया. माल जा भी सकता था. हम अब तक गेमिंग एप की मदद से 12.5 करोड़ कमा चुके हैं. बड़े अपराधी हैं, हमें हल्के में मत लेना. अगर अपनी सलामती चाहते हो तो 2.5 करोड़ रुपये का इंतजाम कर लो… आगरा के थाना मलपुरा क्षेत्र में रहने वाले सराफा कारोबारी को जब व्हाट्सअप पर यह मैसेज आया तो उसके होश उड़ गए. परिवार के अन्य सदस्यों के पासभी कॉल कर जान से मारने की धमकी दी गई. आडियो क्लिप और धमकी भरे वीडियो भेजे गए. लेकिन डर के बीच कारोबारी ने हिम्मत दिखाई और इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को अरेस्ट किया है. जिसमें एक बेकरी संचालक भी है. इनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.19 फरवरी की रात को हुई थी चोरी
थाना मलपुरा के ककुआ में प्रमोद कुमार रहते हैं. इनकी मलपुरा बाजार में सोने—चांदी के जेवरातों की दुकान है.इसे अलावा पेट्रोल पंप और ईंट भट्ठे का भी कारोबार है. 19 फरवरी की रात को इनकी सोने चांदी की दुकान की दीवार तोड़कर चोर घुसे थे. चोरों ने तिजोरी को तोड़ने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हुए. चोर सोने—चांदी के गहनों के साथ सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर भी ले गए. पुलिस ने जब जांच की तो जेवरात चोरी होने की पुष्टि नहीं हुई. 23 फरवरी को कारोबारी और उसके परिजनों के पास धमकी भरे आडियो, वीडियो व मैसेज आने लगे. 2.5 करोड़ रुपये के इंतजाम करने की बात कही गई.हर बार यही बोला गया कि सलामती चाहते हो तो रुपये लेकर तैयार रखो.
सूचना जब पुलिस के पास पहुंची तो एसीपी डॉ. सुकन्या शर्मा ने टीम को जांच सौंपी. पुलिस को शक था कि किसी जानकार और मोहल्ले का ही कोई व्यक्ति इसमें शामिल है. सर्विलांस को लगाया गया. इसके बाद मास्टरमाइंड धनौली में रहने वाले इमाम लतीफउर्हमान को अरेस्ट किया गया. पुलिस ने इसके साथ ही ककुआ में रहने वाले हृदेश, सैंया के वीरई में रहने वाले गौरव शर्मा और मथुरा के रहने वाले धीरज को अरेस्ट किया. पुलिस ने इनके पास से एक कार, छह मोबाइल और व्हाट्सएप चैट मिली.
बेकरी संचालक था परिचित
एसीपी ने बताया कि आरोपी गौरव शर्मा कारोबारी का परिचित था. उसने अपनी जमीन को कारोबारी को किराये पर दे रखा था जिसपे कारोबारी पेट्रोल पंप चलाता था. गौरव का दोस्त हृदेश है जो कि बेकरी संचालक है. उस पर दो लाख रुपये का कर्जा हो गया था. इसलिए उसने गौरव से बात की. कहा कि कारोबारी प्रमोद कुमार को धमकाकर रकम ले सकते हैं. इसके लिए वे मौलाना इमाम लतीफउर्हमान से मिले. मौलाना पर हृदेश के 60 हजार रुपये थे, उसने अपने दोस्त मथुरा के रहने वाले धीरज को भी शामिल कर दिया. सभी को लग रहा था कि कारोबारी धमकी से डर जाएगा और रकम मिलते ही आपास में बांट लेंगे.
इस तरह दिया वारदात को अंजाम
पुलिस पूछताछ में पता चला कि धीरज ने वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क से कारोबारी के व्हाट्सएप पर मैसेज किया. एक पेज पर धमकी लिखकर फोटो खींचा. इसके साथ ही धमकी देने के लिए लाइन प्लस एप और जस्ट कॉल एप का प्रयोग किया. धमकी के लिए कागज पर लिखते थे और बाद में इन कागजों को चबाकर नष्ट कर देते थे. आडियो क्लिप में भोजपुरी भाषा का इस्तेमाल किया. पुलिस ने चारों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया.