आगरालीक्स…वीडियो देखें, आगरा में स्कूल बस के टूटे फर्श से गिरकर कक्षा 1 की छात्रा नैना की मौत पर स्कूल संचालक अरेस्ट…परिजन अभी भी सदमे में
थाना एत्मादपुर क्षेत्र में चलती स्कूल बस के गले हुए फर्श से नीचे गिरकर कक्षा 1 की छात्रा नैना की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी स्कूल बस संचालक को अरेस्ट कर जेल भेज दिया है. स्कूल बस संचालक ही बस का चालक था. छात्रा के गिरने के बाद आरोपी चालक ने बस को तेज और लापरवाही से चलाई जिसके कारण बस के पहिए के नीचे आकर छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक छात्रा के परिजन और ग्रामीणों ने बताया कि 13 साल से स्कूल का संचालक कबाड़ बस को चला रहा था. कई बार शिकायत करने के बाद भी उसने इस ओर ध्यान नहीं दिया.
नैना की मौत पर गांव में मातम, परिजन अभी भी बेसुध
थाना क्षेत्र के गांव नगला लाले की नौ वर्षीय मासूम छात्रा नैना यादव की मौत पर क्षेत्र अभिभावकों के दिल में गम और गुस्से का गुबार धधक रहा है. बेटी की मौत पर सदमे में आई मां सोनम बेसुध हो गई हैं. गांव में पसरे मातमी सन्नाटे में वृद्ध दादी पांचौ देवी का रुदन हर आंख नम कर रहा है. वह बार-बार नातिन नैना को पुकारते हुए रो पड़ती हैं. घर के बरामदे में बैठे नैना के पिता ब्रह्मजीत यादव बोले, स्कूल प्रबंधक और लापरवाह अधिकारी उनकी मासूम बेटी के हत्यारे हैं. मुख्यमंत्री को सभी के खिलाफ कठोरता से कार्रवाई करनी चाहिए. उन्होंने बेटी नैना और परी के साथ घर-गांव के एक दर्जन बच्चों को रोजाना स्कूल लाने ले जाने वाली कंडम स्कली बस की जर्जरता के बारे में कई बार शिकायत की थी. लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया.
गांव से स्कूल तक जर्जर सड़क मार्ग पर कदम-कदम पर हैं जानलेवा गड्ढे
मासूम छात्रा स्कूल की छुट्टी होने पर जिस जर्जर बस में घर लौट रही थी, उसमें पैरों के नीचे फर्श में मौत का दरवाजा लकड़ी के फट्टे से ढका हुआ था. स्कूल से गांव जाने वाले अगवार के रास्ते की उबड़-खाबड़ जर्जर सड़क में भी कदम-कदम पर जानलेवा गड्ढे हैं. मृतक छात्रा नैना के गांव नगला लाले से भागूपुर स्थित स्कूल की दूरी सात किलोमीटर के करीब है. रास्ते में भागूपुर मोड, बिहारीपुर मोड, नवलपुर चौराहा, अगवार तिराहे तक अनगिनत गड्ढों वाली सड़क पूरी तरह खस्ताहाल है. सड़क की बजरी गिट्टी निकल चुकी हैं.