आगरालीक्स …Agra News: आगरा में स्कूलों की किताब कॉपी और यूनिफार्म में मनमानी पर पांच लाख रुपये जुर्माना लगने के बाद अभिभावक संघ ने छेड़ा आंदोलन, कमीशन के खिलाफ स्कूलों की शिकायत, डीएम से कार्रवाई की मांग। ( Agra News: NCERT Books Mandatory in School’s of Agra, Demand by Abhibhavak Sangh Agra)
आगरा के निजी स्कूलों द्वारा नए सत्र में चिन्हित की गईं दुकानों से किताब कॉपी और यूनिफार्म खरीदने के लिए कहा गया है, अभिभावक बुक सेलर की दुकान पर सुबह से रात तक लाइन में लगे दिखाई दे रहे हैं, एनसीईआरटी की किताब 300 रुपये की हैं तो उसी कक्षा की निजी पब्लिसर की किताब छह से से अधिक रुपये की हैं। सेंट पैट्रिक्स जूनियर स्कूल में परिसर से ही यूनिफार्म की बिक्री करने और चिन्हित की गई दुकान से किताब खरीदने की शिकायत की जांच के बाद पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद अभिभावक संघ आगरा ने भी स्कूलों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
एनसीईआरटी की किताब से पढ़ाएं
आगरा अभिभावक संघ आगरा के संयोजक डॉ. मदन मोहन शर्मा का कहना है कि निजी स्कूलों को एनसीईआरटी की किताबों से छात्रों को पढ़ाना चाहिए लेकिन स्कूल संचालक कमीशन के लिए निजी पब्लिर्स की किताबें लगा रहे हैं और अभिभावकों से वसूली कर रहे हैं। इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए मान्यता निरस्तीकरण की कार्रवाई की जानी चाहिए। अभिभावक संघ संयोजक डॉ.मदन मोहन शर्मा ने कहा कि यह स्थिति शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 की मूल भावना के विपरीत है,जिसमें प्रत्येक बच्चे को समान एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन के शासनादेश संख्या 35/2018/XX-3-2018-15(7)/2017 दिनांक 27 मार्च 2018 तथा CBSE के सर्कुलर संख्या Acad-14/2017 दिनांक 27 अप्रैल 2017 में स्पष्ट रूप से NCERT पाठ्यपुस्तकों को लागू करने के निर्देश दिए गए हैं,इसके बावजूद कई विद्यालय इन आदेशों की अनदेखी कर रहे हैं। प्रशासन से मांग की है कि जनपद के सभी विद्यालयों में NCERT पुस्तकों को अनिवार्य रूप से लागू कराया जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले विद्यालयों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि शीघ्र प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो अभिभावक संघ व्यापक जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।