आगरालीक्स …आगरा में सेंट पीटर्स कॉलेज में जैकी श्रॉफ ने कहा कि मैं 11 वीं पास हूं और आज इतने पढे लिखे लोग मेरा इंटरव्यू ले रहे हैं।
बॉलीवुड स्टार जैकी श्रॉफ शनिवार को सेंट पीटर्स कॉलेज के एनुअल फेस्ट में शामिल हुए, उन्होंने बच्चों के सवालों का जवाब दिया।
जयकिशन से जैकी
सबसे पहले अपने नाम को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि मेरा नाम जयकिशन ही है। मेरे दोस्तों ने जैकी नाम से पुकारना शुरू किया। इसके बाद फिल्म निर्माता सुभाष घई ने अपनी फिल्म में भी मेरा यही नाम ले लिया। इसके बाद मेरा एक और नाम जग्गू दादा भी पड़ गया। उन्होंने कहा कि नाम में कुछ नहीं रखा है, व्यक्ति की पहचान उसके काम से होती है।
रोल के हिसाब से चुनते हैं मूवी
इसके बाद एक छात्र ने उनसे उनकी फिल्मों को लेकर सवाल किए तो बोले मैं रोल के हिसाब से हर तरह की फिल्में करना पसंद करता हूं। ठेठ मुंबईया भाषा में सवालों के जवाब दे रहे जैकी श्रॉफ से जब एक पत्रकार ने पूछा कि आपने अपनी भाषा नहीं बदली तो बोले ये भाषा मेरे खून में बसी है। सूट-बूट पहनने का मतलब ये नहीं कि हम खुद को भी बदल दें।
एजूकेशन और सक्सेस
एक छात्र ने जब एजूकेशन और सक्सेस का संबंध जैकी श्रॉफ से जानना चाहा तो बोले मैं खुद 11वीं पास हूं और आज इतने पढ़े-लिखे लोग मेरा इंटरव्यू ले रहे हैं। उन्होंने सफलता को ईश्वर की कृपा बताया। साथ ही बच्चों से कहा कि मेहनत से पढ़ाई करें और अपने माता-पिता की सेवा करें।
बेटा तरक्की करता है तो बाप को अच्छा लगता है
बेटे टाइगर श्रॉफ की सफलता को लेकर जैकी श्रॉफ बोले कि जब बेटा तरक्की करता है तो हर बाप को खुशी होती है। मुझे तो वैसे भी बच्चे काफी पसंद हैं। ऐसे में अपने बेटे की सफलता पर बहुत खुशी होती है।