आगरालीक्स…आगरा के कमला नगर और सिकंदरा में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर. नगर निगम ने ढहा दिए अवैध निर्माण
आगरा में नगर निगम ने शनिवार को कमला नगर और सिकंदरा एंन्क्लेव क्षेत्र में अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया. नगर निगम के बुलडोजर ने अतिक्रमण के साथ अवैध निर्माणों को भी ध्वस्त कर दिया. इनकी शिकायतें आईजीलआरएस पोर्टल पर की गई थीं जिसे निगम प्रशासन ने गंभीरता से लिया और यह कार्रवाई की. इस कार्रवाई से इलाके में अफरातफरी रही. निगम ने कमला नगर स्थित दक्षिणांचल विद्युत विरण निगम कार्यालय के आसपास सड़क पर किए गए अतिक्रमण को हटाया. शिकायत में कहा गया था कि इस अतिक्रमण के कारण यातायात समस्या उत्पन्न हो रही है. इसके अलावा सिकंदरा एंक्लेव स्थित सीएनजी पेट्रोल पंप के पास भी अवैध निर्माण था जिसकी शिकायत की गई थी. इसके कारण राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी होती थी. नगर निगम ने पूर्व में संबंधित लोगों को नोटिस देकर अल्टीमेटम दिया था लेकिन इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया जिसके बाद शनिवार को नगर निगम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया.