आगरालीक्स…आगरा के शीतला गली स्थित गायत्री परिवार की संस्थापिका माता भगवती देवी शर्मा के जन्मस्थल का होगा नवनिर्माण. आध्यात्मिक चेतना केन्द्र के रूप में विकसित करेगा गायत्री परिवार
अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा मनाए जा रहे परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा जी के जन्मशताब्दी वर्ष 2026 के उपलक्ष्य में शीतला गली स्थित उनकी पावन जन्मस्थली पर एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस अवसर पर शांतिकुंज हरिद्वार से गायत्री परिवार के युवा प्रतिनिधि डॉ. चिन्मय पंड्या, गायत्री तपोभूमि, मथुरा के प्रमुख एवं ‘अखण्ड ज्योति’ पत्रिका के प्रकाशक श्री मृत्युंजय शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे।इस दौरान माताजी की जन्मस्थली के पुन: नव निर्माण एवं विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या एवं मृत्युंजय शर्मा ने अपने सहयोगियों के साथ स्थल का अवलोकन किया और प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी ली। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने इसे केवल एक जन्मस्थली नहीं, बल्कि आध्यात्मिक चेतना, नारी जागरण और संस्कार निर्माण का प्रेरणास्थल बताया। उल्लेखनीय है कि सौ वर्ष पूर्व आगरा के शीतला गली में माताजी का जन्म 20 सितम्बर सन 1926 को हुआ था। वे श्री जसवन्तराव शर्मा तथा श्रीमती रामप्यारी शर्मा की सबसे छोटी पुत्री थीं।
इस दौरान उपस्थित परिजनों ने गायत्री परिवार की संस्थापिका माता भगवती देवी शर्मा के तप, त्याग और सेवा से प्रेरणा लेते हुए इस पावन स्थल के विकास हेतु संकल्प दोहराया। वातावरण पूरी तरह श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत रहा। इस अवसर पर आंवलखेड़ा शक्तिपीठ के व्यवस्थापक श्री जे.के. द्विवेदी, अरुण साहू तथा अन्य गणमान्य परिजन भी उपस्थित रहे।