आगरालीक्स…Agra News: आगरा में एसआईआर के बाद मतदाता सूची से 6.37 लाख नाम हट गए हैं, आज से देख सकते हैं मतदाता सूची, नाम, पता सहित अन्य गड़बड़ी होने पर 15 दिन संशोधन करा सकते हैं। जानें
आगरा में पिछले साल से शुरू हुई मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर की फाइनल और अंतिम लिस्ट आज यानी 10 अप्रैल को कलेक्ट्रेट में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में प्रकाशित की जाएगी। जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने जानकारी दी कि मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान का कार्य दावा-आपत्ति के बाद पूरा हो गया है. भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 10 अप्रैल को अंतिम सूची का प्रकाशन होगा. आगरा में एसआईआर में 6.37 लाख मतदाताओं के नाम काटे गए हैं. पहले नौ विधानसभा सीटों पर 36 लाख मतदाता थे अब 29.62 लाख मतदाता रह गए हैं. ( Agra Live News: Final Voter list after SIR publish in Agra today, 6.37 Lakh voter name deleted from list )
सभी विधानसभा के मतदान केंद्रों पर होगी उपलब्ध
उन्होंने बताया कि अर्हता तिथि 01-01-2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम के अन्तर्गत जनपद-आगरा की समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों -86-एत्मादपुर 87-आगरा कैन्टोनमेंट (अ०जा०), 88-आगरा दक्षिण, 89-आगरा उत्तर 90-आगरा ग्रामीण (अ०जा०), 91-फतेहपुर सीकरी, 92-खेरागढ़, 93-फतेहाबाद एवं 94-बाह, के समस्त मतदेय स्थलों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के कार्यालय एवं जिला निर्वाचन कार्यालय में दिनांक 10-04-2026 को अन्तिम प्रकाशन किया जायेगा. सर्वसाधारण के निःशुल्क निरीक्षण हेतु अन्तिम प्रकाशन अवधि दिनांक 10-04-2026 से 17-04-2026 तक मतदेय स्थलों पर नियुक्त बूथ लेवल अधिकारी संबंधित निर्वाचक नामावली के साथ उपस्थित रहेगें.
15 दिन तक करा सकते हैं संशोधन
अपर जिलाधिकारी नगर यमुनाधर चौहान ने बताया कि इस संबंध में विधानसभा व मतदेय स्थल के आधार पर अंतिम मतदाता सूची तैयार है, जनपद में मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के लिए सभी आवश्यक तैयारी पूरी कर ली गई हैं. बूथ लेवल अधिकारी 10 अप्रैल से एक सप्ताह तक अपने-अपने मतदेय स्थलों पर रहकर मतदाता सूची को जन सामान्य के निरीक्षण के लिए उपलब्ध कराएंगे. जनपद के समस्त मतदाता अपने निकटतम मतदेय स्थल पर जाकर मतदाता सूची का अवलोकन कर अपना नाम, पता अथवा अन्य विवरणों की शुद्धता की पुष्टि कर लें. किसी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर आवश्यक कार्यवाही के लिए संबंधित बीएलओ, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी से संपर्क कर समस्या का समाधान करा सकते हैं. संबंधित मतदाता 15 दिन के भीतर जिला निर्वाचन अधिकारी (डीएम) के यहां अपील कर सकेंगे. जिला निर्वाचन अधिकारी के फैसले से भी संतुष्ट नहीं हुए तो यह फैसला आने के 30 दिन के भीतर मुख्य निर्वाचन अधिकारी के यहां अपील कर सकते हैं.
एत्मादपुर 4.20 लाख
आगरा कैंट 3.35 लाख
आगरा दक्षिण 2.75 लाख
आगरा उत्तर 3.33 लाख
आगरा ग्रामीण 3.74 लाख
फतेहपुर सीकरी 3.30 लाख
खेरागढ़ 3.05 लाख
फतेहाबाद 2.95 लाख
बाह 2.91 लाख