आगरालीक्स…आगरा के 28 केंद्रों पर होगी यूपी पुलिस होमगार्ड भर्ती परीक्षा. 25, 26, 27 अप्रैल को दो पालियों में होने वाली परीक्षा में 75168 अभ्यर्थी होंगे शामिल. डीएम ने परीक्षा केंद्रों में देखी व्यवस्थाएं
आगरा के 28 परीक्षा केंद्रों पर 25, 26 व 27 अप्रैल को होमगार्डस के पदों पर इनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा प्रस्तावित है. इसके लिए जिले में 28 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. इन पर 75168 अभ्यर्थी शामिल होंगे. परीक्षा तीनों दिन दो पालियों में होगी. पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से 12 बजे तक होगी तो दूसरी पाली की परीक्षा अपरान्ह 03 से शाम 05 बजे तक होगी.डीएम ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
शुक्रवार को डीएम मनीष बंसल ने अपर पुलिस आयुक्त राम बदन सिंह के साथ परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए आगरा कॉलेज सहित जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया. डीएम ने आगरा कॉलेज में सभी ब्लॉक ए, बी, एवं सी, ह्यूमेन विंग तथा सीसीटीवी कंट्रोल रूम इत्यादि कक्षों का अवलोकन किया. उन्होंने भीषण गर्मी को देखते हुए विशेष निर्देश दिए कि द्वितीय पाली के अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश द्वार पर ग्रीन नेट या शेड की व्यवस्था की जाए. परीक्षा केन्द्र पर शीतल पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सहित सभी मूल-भूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने और बायोमेट्रिक अटेंडेंस को छायादार स्थान पर कराने के निर्देश दिए ताकि अभ्यर्थियों को असुविधा न हो.
डीएम ने केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता, अभ्यर्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया, सीटिंग प्लान आदि का बारीकी से अवलोकन किया. उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि बोर्ड द्वारा जारी गाइडलाइंस का अक्षरशः पालन किया जाए और किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. अपर पुलिस आयुक्त राम बदन सिंह ने सुरक्षा मानकों की समीक्षा करते हुए बताया कि परीक्षा केंद्रों पर भारी पुलिस बल तैनात रहेगा. जैमर और बायोमेट्रिक उपस्थिति जैसी तकनीकों का प्रयोग सुनिश्चित किया जाएगा ताकि किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि या नकल को रोका जा सके.