आगरालीक्स…शमसाबाद में भव्यता से निकली भगवान परशुराम शोभायात्रा, ढोल-नगाड़ों व जयकारों से गूंजा नगर…
भगवान परशुराम ब्राह्मण सेवा समिति शमसाबाद रजि0 तत्वावधान में भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर भव्य शोभायात्रा बड़े धूमधाम से निकाली गई। भगवान परशुराम जी का आकर्षक डोला पूरे भाव और श्रद्धा के साथ सजाकर निकाला गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज, शंख ध्वनि और "जय परशुराम" के उद्घोषों से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा। सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए। शोभायात्रा का शुभारंभ भगवान परशुराम भवन, राजाखेड़ा रोड से श्री श्री 1008 स्वामी केशवा नन्द जी महाराज वृन्दावन धाम ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय एवं जिला पंचायत अध्यक्ष हाथरस तथा पूर्व सांसद फतेहपुर सीकरी सीमा उपाध्याय रहीं। मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने कहा, "भगवान परशुराम शस्त्र और शास्त्र के समन्वय के प्रतीक हैं। आज के युवा को उनके त्याग, तप और अन्याय के विरुद्ध खड़े होने के संकल्प से प्रेरणा लेनी चाहिए। ब्राह्मण समाज ने हमेशा राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाई है और आगे भी निभाता रहेगा। यह शोभायात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और संस्कारों का संदेश है। सरकार समाज के उत्थान के लिए कृतसंकल्प है।"
विशिष्ट अतिथि पीसी बोहरा अध्यक्ष परशुराम सेना जिला धौलपुर, पं. राजवीर लवानियां जिला अध्यक्ष भाकियू, श्रीभगवान शर्मा एवं पं. महेश उपाध्याय रहे। भगवान परशुराम का डोला भगवान परशुराम भवन से शुरू होकर नगर के मुख्य मार्गों से होता हुआ एस.एस. डिग्री कॉलेज मोड़, आगरा रोड पर सम्पन्न हुआ। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया। यात्रा समापन के बाद दीक्षित आईस एण्ड कोल्ड स्टोर, शमसाबाद में भव्य ऋषिभोज का आयोजन किया गया जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।