आगरालीक्स…आगरा में मेट्रो शहरवासियों को जाम, धूल जैसी समस्याओं से बचाकर सुगम यात्रा कराएगी. समय की भी होगी बचत. सेंट पीटर्स में बच्चों ने जानी मेट्रो की खूबियां.
आगरा के सेंट पीटर्स कॉलेज में उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन द्वारा जागरुकता सत्र का आयोजन कर आगरा मेट्रो के महत्व एवं विशेषतओं को लेकर जानकारी दी गई । इस दौरान आगरा मेट्रो टीम ने छात्रों को मेट्रो सुविधाओं को लेकर अवगत कराया। जागरुकता सत्र के दौरान आगरा मेट्रो टीम ने स्कूल के बच्चों को बताया कि आगरा मेट्रो एक ईको-फ्रेंडली एवं ग्रीन इनीशिएटिव है। मास रैपिड ट्रांजिट सिस्टम के रूप में, कार्बन उत्सर्जन रहित मेट्रो की टेक्नोलॉजी पर्यावरण के अनुकूल है और पर्यावरण के संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। इसके साथ ही आगरा मेट्रो टीम ने छात्रों को मेट्रो का उपयोग करने के तरीके के बारे में बताया गया। आगरा मेट्रो टीम ने स्कूल के बच्चों को बताया कि कैसे शहरवासी आगरा मेट्रो का प्रयोग करके जाम, धूल अदि समस्याओं से बचते हुए मेट्रो से सफर कर अपनी यात्रा को सुगम, सुरक्षित एवं सुविधाजनक बना सकते हैं।
आगरा मेट्रो द्वारा यात्रियों हेतु मेट्रो के अंदर जन्मदिन, सालगिरह, किटी पार्टी आदि आयोजनों के लिए बुकिंग की सुविधा को लेकर भी जानकारी दी गई। बता दें कि आगरा मेट्रो का रूट शहर के महत्वपूर्ण शिक्षण संस्थानों, प्रमुख रेलवे स्टेशन, बस टर्मिनल, अस्पतालों, कार्य स्थलों और बाजारों को जोड़ता है। शहर में मेट्रो सेवा से लोगों को ट्रैफिक जाम और बढ़ते कार्बन फुटप्रिंट से भी राहत मिलती है। वर्तमान में आगरा मेट्रो रेल परियोजना के प्रथम कॉरिडोर के प्रयोरिटी सेक्शन में मेट्रो का संचालन किया जा रहा है। इसके साथ ही प्रथम कॉरडोर के शेष भाग में (आरबीएस तक) शीघ्र ही मेट्रो संचालन आरम्भ हो जाएगा एवं दूसरे कॉरिडोर में तेज गति के साथ निर्माण कार्य किए जा रहे हैं।