आगरालीक्स…आगरा में दुकानों, रिटेल स्टोरों में जाकर चेक किया जा रहा सरसों तेल, घी, रिफाइंड. एफएसडीए ने छापे में मिलावट की आशंका में 17 सैंपल जांच को भेजे. 9 किलो तेल और घी भी किया जब्त..
मिलावटी खाद्य पदार्थों के विक्रय पर प्रभावी रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा विशेष छापामार एवं जांच अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी आगरा के निर्देशों के क्रम में संचालित किया जा रहा है। सहायक आयुक्त (खाद्य) आगरा के निर्देशन में आज गुरुवार को विभिन्न टीमों द्वारा विशेष प्रवर्तन कार्यवाही करते हुए कुल 17 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित कर जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए। अभियान के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से रिफाइंड सोयाबीन ऑयल, सरसों तेल, घी, ग्राउंडनट ऑयल, सनफ्लॉवर ऑयल, कच्ची घानी सरसों तेल एवं नारियल तेल आदि के नमूने लिए गए। कार्यवाही के दौरान संदिग्ध खाद्य पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए लगभग 09 किलोग्राम/लीटर खाद्य तेल एवं घी को जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 2,521 रुपये आंकी गई है। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा बताया गया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत संबंधित खाद्य कारोबार कर्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्यवाही की जाएगी। विभाग द्वारा जनपदवासियों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने हेतु अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।