आगरालीक्स…आगरा—मथुरा स्टेशनों पर विशेष चेकिंग अभियान. त्योहारों को लेकर डॉग स्क्वॉड एवं स्निफर डॉग की मदद से प्लेटफॉर्मों, ट्रेनों एवं स्टेशन परिसर में की गई सघन जांच…
आगामी दीपावली एवं छठ पूजा के पावन पर्व को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा एवं रेल परिसरों में किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम के उद्देश्य से आगरा मंडल में रेलवे सुरक्षा बल द्वारा विशेष चेकिंग एवं सतर्कता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज आगरा कैंट एवं मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशनों पर डॉग स्क्वॉड एवं स्निफर डॉग की सहायता से स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्मों एवं ट्रेनों में सघन जांच की गई। अभियान के दौरान यात्रियों के सामान एवं संदिग्ध स्थानों की जांच करते हुए पटाखे, गैस सिलेंडर, केरोसिन, पेट्रोल तथा अन्य ज्वलनशील एवं विस्फोटक सामग्री को रेल परिसर एवं ट्रेनों में अवैध रूप से ले जाने की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरती गई।
इससे एक दिन पहले रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट आगरा छावनी की टीम द्वारा मथुरा जंक्शन के विभिन्न प्लेटफॉर्मों तथा गाड़ी संख्या 12137, 12618 एवं 64955 में भी सघन जांच अभियान चलाया गया था। जांच के दौरान किसी भी यात्री के पास ज्वलनशील अथवा विस्फोटक सामग्री नहीं पाई गई। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुरक्षित एवं सुगम रेल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के विशेष जांच एवं निगरानी अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। यात्रियों से अपील की जाती है कि वे रेल परिसर एवं ट्रेनों में किसी भी प्रकार की ज्वलनशील अथवा विस्फोटक सामग्री लेकर यात्रा न करें तथा सुरक्षित रेल यात्रा सुनिश्चित करने में रेलवे प्रशासन का सहयोग करें|